खेरवाड़ा। शिक्षा जगत में नवाचार और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के उत्थान के लिए समर्पित झाडोल उपखंड के मगवास गांव निवासी अध्यापक नरेश कुमार लोहार ने एक बार फिर विशिष्ट उपलब्धि हासिल की है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय घाटाफला दमाणा में कार्यरत शिक्षक नरेश लोहार को शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा लगातार चौथे वर्ष 'जिला स्तरीय भामाशाह प्रेरक शिक्षक सम्मान' से नवाजा गया है। यह सम्मान उनके द्वारा जनजाति क्षेत्र के विद्यालयों और विद्यार्थियों को शैक्षिक व सह-शैक्षिक सहायता उपलब्ध कराने में निभाई गई अनुकरणीय भूमिका के लिए प्रदान किया गया है।

अध्यापक लोहार पिछले एक दशक से सोशल मीडिया के विविध माध्यमों से भामाशाहों को प्रेरित कर जनजाति अंचल के जरूरतमंद विद्यालयों और छात्रों तक मदद पहुँचा रहे हैं। उन्होंने 'हर हाथ कलम अभियान', 'अभियान गुलाबी सर्दी', 'मिशन चरणकमल', 'प्रोजेक्ट मॉडल स्कूल', 'मिशन स्मार्ट क्लास रूम', 'मिशन नवोदय', 'मिशन एनएमएमएस', 'अभियान दिव्यांगम', 'अभियान सहारा', 'अभियान वस्त्रम' और 'अभियान वृक्षम्' जैसे अभियानों के जरिए शिक्षा की अलख जगाई है। उनकी इस मुहिम के परिणामस्वरूप अब तक 300 से अधिक विद्यालयों और हजारों विद्यार्थियों को नोटबुक, पेन, पेंसिल, ड्राइंग बुक्स, स्वेटर, जूते, चप्पल, वॉटर बॉटल और शिक्षण सामग्री प्राप्त हुई है। साथ ही, स्मार्ट टीवी, साउंड सिस्टम, प्रोजेक्टर, कंप्यूटर सेट, फर्नीचर और खिलौना सेट जैसी आधुनिक सुविधाओं से भी विद्यालयों को सुसज्जित किया गया है।

अध्यापक लोहार की सक्रियता का दायरा केवल शैक्षिक सामग्री तक सीमित नहीं है। उन्होंने दिव्यांग विद्यार्थियों को व्हीलचेयर और वॉकिंग स्टिक्स उपलब्ध कराने के साथ-साथ अत्यंत दुर्गम, पहाड़ी और आधारभूत सुविधाओं से वंचित विद्यालयों में भामाशाहों के सहयोग से निर्माण और मरम्मत कार्य करवाए हैं। प्रतिभावान किंतु आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के सपनों को पंख देने के लिए उन्होंने उन्हें विभिन्न संस्थाओं से जोड़कर नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग और हॉस्टल सुविधा सुनिश्चित की है। इसके अतिरिक्त, वे निःशुल्क नवोदय एवं एनएमएमएस (NMMS) कक्षाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दिलाने के निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

यह भव्य सम्मान समारोह उदयपुर के राजकीय रेजिडेंसी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर विधायक ताराचन्द जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, शहर जिला उपाध्यक्ष तख़्त सिंह शक्तावत, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक लोकेश भारती, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक चंद्रशेखर जोशी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी झाड़ोल मोरध्वज व्यास, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी फलासिया बसंती लाल जोशी और राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान से सम्मानित अध्यापक दुर्गाराम मुवाल सहित अनेक भामाशाह, शिक्षक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नरेश लोहार का यह निरंतर समर्पण शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा और जनजाति क्षेत्र में बदलाव की एक जीवंत मिसाल है।

Dharnendra Jain( Kherwara)

Dharnendra Jain( Kherwara)

नाम: धरणेन्द्र जैन

वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)

कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें

अनुभव: 30 वर्ष से अधिक

परिचय 

धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:

  • वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
  • उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
  • वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story