शिक्षक ने श्रमदान से भरा सड़क का खतरनाक गड्ढा, ग्रामीणों को मिली राहत
खेरवाड़ा में शिक्षक लोकेश परमार ने साथियों के सहयोग से स्टेट हाईवे 927 ए पर बने खतरनाक गड्ढे को श्रमदान से भरा। सीमेंट, कंक्रीट और रेत से गड्ढा दुरुस्त होने से राहगीरों को राहत मिली।

तस्वीर में शिक्षक लोकेश परमार और स्थानीय ग्रामीण स्टेट हाईवे पर श्रमदान कर गड्ढे की मरम्मत करने के बाद नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा में सकारात्मक सोच और समाज सेवा की भावना के साथ ग्राम पंचायत करावाड़ा (फुटाला) निवासी शिक्षक लोकेश परमार ने साथियों के सहयोग से स्टेट हाईवे 927 ए (कानपुर-बावलवाड़ा मार्ग) पर बने खतरनाक गड्ढे को श्रमदान कर दुरुस्त किया। उन्होंने सीमेंट, कंक्रीट और रेत के मसाले से गड्ढे को भरकर राहगीरों को राहत पहुंचाई।
सरवण के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक लोकेश परमार ने बताया कि सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे। प्रशासन का ध्यान नहीं जाने पर उन्होंने मित्र दीपू गरासिया एवं स्थानीय युवाओं के सहयोग से गड्ढे को भरने का बीड़ा उठाया।
गड्ढा दुरुस्त होने के बाद अब स्टेट हाईवे 927 ए से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिली है। सड़क के बीच बने खतरनाक गड्ढे के कारण राहगीरों को हो रही परेशानी को देखते हुए शिक्षक लोकेश परमार और उनके साथियों ने श्रमदान के जरिए इसे भरकर आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास किया।
लोकेश परमार इससे पहले भी पर्यावरण संरक्षण के लिए निजी खर्च पर विभिन्न राज्यों की यात्राएं कर पौधरोपण एवं पौधा वितरण जैसे जनहितकारी कार्य कर चुके हैं। सड़क के खतरनाक गड्ढे को श्रमदान से दुरुस्त करने की उनकी इस पहल की स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना की।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
