निम्बाहेड़ा। दिल्ली के उत्तम नगर में तरुण खटीक की मॉब लिंचिंग कर की गई हत्या के विरोध में जय भवानी एजूकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट (खटीक समाज) निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ (राज.) के बैनर तले समाजजनों ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से समाज ने तरुण खटीक की हत्या के मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में भेजकर त्वरित न्याय दिलाने की मुख्य मांग पुरजोर तरीके से उठाई है।

जघन्य हत्या पर समाज में गहरा आक्रोश

दिल्ली में घटित तरुण खटीक की निर्मम हत्या की घटना से समाज के विभिन्न वर्गों में अत्यंत आक्रोश एवं पीड़ा व्याप्त है। समाज का मानना है कि "यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि समाज में भय और असुरक्षा की भावना को भी जन्म देती है।" सभी नागरिक (खटीक समाज) निम्बाहेड़ा की तरफ से इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए माननीय राष्ट्रपति से यह निवेदन किया गया है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए।

फास्ट ट्रैक कोर्ट और दोषियों को कठोरतम दंड की मांग

ज्ञापन में इस जघन्य अपराध में संलिप्त दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम दंड दिलाने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। समाज की स्पष्ट मांग है कि मॉब लिंचिंग का यह केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थित समाजजन

इस अवसर पर निम्बाहेड़ा के उदयराम पहाड़िया, शांतिलाल जी दायमा, ओमप्रकाश पहाड़िया, राकेश पहाड़िया, दिनेश पहाड़िया, नंदलाल निमावत, भारत पहाड़िया, मदन निमावत, हिम्मत पहाड़िया, बलवंत पहाड़िया, प्रदीप पहाड़िया, राहुल सामरिया, राजू पहाड़िया, विवेक निमावत, आशीष खिंची, भेरूलाल पहाड़िया, भूराजी चीकारड़ा, कैलाश बोरीवाल लसड़वाँन, भेरूलाल रानीखेड़ा, देवीलाल खींची मिन्नाणा, बालूराम ढाणी, शोभागमल मांगरोल, विमल सामरिया केली आदि खटीक समाज के लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे थे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story