सागवाड़ा नगर पालिका ने नागरिकों से फीडबैक की अपील की
उपखंड अधिकारी और अधिशासी अधिकारी ने शहर की रैंकिंग सुधारने के लिए स्वच्छता ऐप और पोर्टल पर जनभागीदारी का आह्वान किया।

नगर पालिका ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नागरिकों से फीडबैक देने की अपील करते हुए स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से मजबूत बनाने का आह्वान किया है। स्वच्छता की दिशा में सरकार द्वारा आयोजित इस सर्वेक्षण में नागरिकों की सहभागिता और प्रतिक्रिया को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया है।
नगर पालिका द्वारा आमजन से अधिकाधिक संख्या में नागरिक फीडबैक देने की अपील की गई है। उपखंड अधिकारी सुबोध सिंह चारण और अधिशासी अधिकारी मोहम्मद सुहैल शेख ने जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग निर्धारण में नागरिकों की प्रतिक्रिया विशेष भूमिका निभाती है। नागरिकों द्वारा दिया गया सकारात्मक फीडबैक सागवाड़ा को बेहतर रैंक दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।
अधिकारियों ने प्रत्येक नागरिक से आग्रह किया है कि वे स्वच्छता संबंधी सर्वे में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग प्रदान करें। नगर पालिका द्वारा जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क अभियान, स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां, प्रचार-प्रसार, पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसके साथ ही नागरिकों को स्वच्छता ऐप और पोर्टल के माध्यम से फीडबैक दर्ज कराने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक शौचालयों, सफाई व्यवस्था और अन्य सेवाओं के संबंध में ईमानदारीपूर्वक अपना फीडबैक दें और स्वच्छ सर्वेक्षण में सागवाड़ा को उत्कृष्ट स्थान दिलाने में सहभागी बनें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
