कस्तूरबा गांधी छात्रावास में आठवीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, उल्टी सांस की नली में फंसने से हुआ हादसा
चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास में आठवीं की छात्रा पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, उल्टी सांस की नली में फंस जाने (एस्पिरेशन) से यह हादसा हुआ। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार, प्रशासन ने जताया शोक।

बेगूं (प्रात:काल संवाददाता)। चित्तौड़गढ़ ज़िले के बेगूं उपखंड क्षेत्र में सोमवार देर रात एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जब नयागांव चेची स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास में आठवीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने मौत का कारण उल्टी का कुछ हिस्सा सांस की नली में फंस जाना (एस्पिरेशन) बताया है।
मृतका की पहचान पिंकी कुमारी (13) पुत्री शंकरलाल भील, निवासी भाटखेड़ा, के रूप में हुई है। पिंकी पिछले तीन वर्षों से कस्तूरबा गांधी छात्रावास, चेची में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी। वार्डन मिथिलेश के अनुसार, सोमवार रात तक छात्रा पूरी तरह स्वस्थ थी और सामान्य रूप से पढ़ाई कर रही थी। लेकिन रात करीब एक बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टी हुई, और दूसरी बार उल्टी आने के बाद स्थिति गंभीर हो गई।
वार्डन ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और छात्रावास स्टाफ की सहायता से पिंकी को बेगूं उप जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही छात्रा ने दम तोड़ दिया।
उप जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज नारनौलिया ने बताया कि जब छात्रा को अस्पताल लाया गया, तब वह अचेत अवस्था में थी और उपचार शुरू करने से पूर्व ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। डॉक्टर के अनुसार, प्रारंभिक जांच से प्रतीत होता है कि छात्रा की मौत एस्पिरेशन के कारण हुई — यानी उल्टी का कुछ हिस्सा श्वसन नली में फंस गया, जिससे उसकी सांस रुक गई और दम घुट गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीबीईओ रामसिंह यादव और थाना बेगूं के एएसआई लेखराज अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद प्रशासन ने शव उन्हें सुपुर्द कर दिया। मृतका के पिता शंकरलाल भील किसान हैं। परिवार में चार बेटियाँ और एक बेटा है।
इस दर्दनाक घटना ने छात्रावास में शोक की लहर दौड़ा दी है। शिक्षा विभाग एवं स्थानीय प्रशासन ने छात्रा की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
