खेरवाड़ा। पंचायत समिति खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत सुंदरा में नवनिर्वाचित सरपंच राजेंद्र कुमार मीणा (भगोरा) और 11 वार्ड पंचों ने पदभार ग्रहण किया। पदस्थापना के साथ ही सरपंच राजेंद्र कुमार भगोरा ने ग्रामीण युवाओं के लिए 1 जनवरी से पंचायत मुख्यालय पर निशुल्क लाइब्रेरी शुरू करने की घोषणा कर पंचायत के विकास की प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी व्यवस्था और भ्रष्टाचार मुक्त पंचायत निर्माण का संकल्प भी व्यक्त किया।

पदभार ग्रहण समारोह के अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच एवं 11 वार्ड पंचों की टीम अपने निवास स्थान सुंदरा से एकत्रित होकर मादल की थाप और उत्साहपूर्ण नारों के बीच जुलूस के रूप में पंचायत मुख्यालय पहुंची। रास्ते में युवाओं, महिलाओं, पुरुषों और सरकारी कर्मचारियों ने फूलमालाओं एवं पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सरपंच राजेंद्र कुमार भगोरा ने कहा कि 1 जनवरी से पंचायत मुख्यालय पर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए निशुल्क लाइब्रेरी शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने पंचायत में शिक्षा को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था स्थापित करने को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया। साथ ही भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात कही। पंचायत में एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में कमेटियों का गठन किया जाएगा। इन कमेटियों के माध्यम से विकास के प्रमुख कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा पेसा एक्ट कानून को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करवाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में गुजरात हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता ससु व्यास, कल्पेश व्यास, कुलदीप व्यास, मुकेश भगोरा, जीवतराम भगोरा, दुर्गेश निनामा और मोहन डामोर सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने पंचायत के विकास कार्यों में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग देने का विश्वास दिलाया।

कार्यक्रम का संचालन कैलाश चंद्र व्यास ने किया, जबकि उपसरपंच सुमित्रा डामोर ने आभार व्यक्त किया। निशुल्क लाइब्रेरी की घोषणा के साथ सुंदरा पंचायत की नई टीम ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक एकता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन को अपनी कार्ययोजना के केंद्र में रखने का संकल्प दोहराया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story