सुखाड़िया विश्वविद्यालय बना देश का पहला राज्य विश्वविद्यालय जिसने लॉन्च किया मोबाइल एप, विद्यार्थी अब मोबाइल से कर सकेंगे प्रवेश और परीक्षा आवेदन
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए मोबाइल एप लॉन्च कर डिजिटल शिक्षा की दिशा में नया इतिहास रचा। अब विद्यार्थी मोबाइल से प्रवेश, परीक्षा फॉर्म, अंकतालिका, परिणाम व अन्य शैक्षणिक सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। विश्वविद्यालय देश का पहला राज्य विश्वविद्यालय बना जिसने यह सुविधा शुरू की।

उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने डिजिटल नवाचार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए मंगलवार को विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए विशेष मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बी.पी. सारस्वत ने इस एप का शुभारंभ करते हुए बताया कि इस पहल के साथ सुखाड़िया विश्वविद्यालय देश का पहला राज्य विश्वविद्यालय बन गया है, जिसने विद्यार्थियों और कर्मचारियों दोनों के लिए पूर्णतः डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराई है।
इस मोबाइल एप के माध्यम से विद्यार्थी अब अपने मोबाइल फोन पर ही प्रवेश और परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। साथ ही अंकतालिका डाउनलोड करने, टाइम टेबल देखने, एडमिट कार्ड प्राप्त करने, परीक्षा शेड्यूल जानने, परिणाम व मार्कशीट डाउनलोड करने जैसी सभी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी। एप विद्यार्थियों को नोटिफिकेशन, घोषणाएं, शिकायत दर्ज करने और उसकी स्थिति ट्रैक करने की भी सुविधा प्रदान करेगा। इसके अलावा फीस विवरण और पेमेंट हिस्ट्री तक की जानकारी अब विद्यार्थी अपने मोबाइल से ही प्राप्त कर सकेंगे।
प्रोफेसर सारस्वत ने बताया कि आने वाले समय में इस ऐप में ऑनलाइन माइग्रेशन, प्रोविजनल सर्टिफिकेट, डुप्लिकेट मार्कशीट, ट्रांसक्रिप्ट और अन्य परीक्षा संबंधित सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। विद्यार्थी जल्द ही ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय कर्मचारियों के लिए तैयार किए गए प्रोफाइल एप में व्यक्तिगत व सेवा विवरण, शैक्षणिक योग्यता, ऋण और बीमा से जुड़ी जानकारी, सैलरी स्लिप, टैक्स डिडक्शन शेड्यूल, अवकाश आवेदन, लीव इनकैशमेंट और पीएफ स्टेटमेंट डाउनलोड करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह दोनों ही एप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर डाउनलोड किए जा सकेंगे।
इस अवसर पर विज्ञान महाविद्यालय के डीन प्रोफेसर सी.पी. जैन, वाणिज्य महाविद्यालय के डीन प्रोफेसर शूरवीर सिंह भानावत, डीन पीजी स्टडीज़ प्रोफेसर के.बी. जोशी, कंप्यूटर सेंटर के निदेशक प्रोफेसर एम.के. जैन, परीक्षा नियंत्रक मुकेश बारबर, विश्वविद्यालय प्रवक्ता डॉ. कुंजन आचार्य, डॉ. अविनाश पंवार, मांगीलाल भील, बद्रीलाल और प्रियंका पालीवाल सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
यह डिजिटल पहल विश्वविद्यालय प्रशासन की पारदर्शी, सुविधाजनक और समयानुकूल शिक्षा प्रणाली की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो विद्यार्थियों और कर्मचारियों दोनों के लिए तकनीकी सशक्तिकरण का नया अध्याय खोलता है।
- मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालयMLSU Appसुखाड़िया यूनिवर्सिटी मोबाइल एपUdaipur University Newsप्रोफेसर बीपी सारस्वतUdaipur Education UpdateUniversity Digital InitiativeRajasthan Higher EducationMLSU Digital Transformationछात्र एप लॉन्चFaculty App MLSUप्रवेश आवेदन मोबाइलपरीक्षा फॉर्म ऑनलाइनउदयपुर विश्वविद्यालयSukhadia University Mobile Application

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
