तेजी से बदलते दौर में केवल अंकों की दौड़ से आगे बढ़कर कौशल, क्षमता और व्यक्तित्व निर्माण को अपनाना ही सफलता की नई कुंजी बनता जा रहा है। यही संदेश एस.आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल, डबोक में आयोजित करियर गाइडेंस सेमिनार में प्रख्यात करियर विशेषज्ञ एवं जे.एस. ग्लोबल के संस्थापक श्री जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दिया।

सेमिनार के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि विद्यार्थी स्कूली शिक्षा के दौरान केवल अंकों के पीछे भागने के बजाय कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण पर समान रूप से ध्यान दें, तो करियर में ऊँचाइयों को छूना कहीं अधिक सहज हो जाता है। उन्होंने इस दिशा में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालयों की सक्रिय सहभागिता को भी अत्यंत आवश्यक बताया।

श्री सिंह ने कहा कि निकट भविष्य में अंकों की तुलना में कौशल, क्षमता और व्यक्तित्व का महत्व तेजी से बढ़ेगा, इसलिए विद्यार्थियों को अभी से स्वयं को उसी अनुरूप तैयार करना होगा। उन्होंने वर्तमान समय में हो रहे तीव्र तकनीकी विकास का उल्लेख करते हुए बताया कि आज की पीढ़ी के सामने हजारों नए करियर विकल्प उपलब्ध हैं, लेकिन पर्याप्त जानकारी के अभाव में विद्यार्थी और अभिभावक अभी भी पारंपरिक और पुराने तरीकों से करियर का चयन कर रहे हैं, जिसके कारण कई विद्यार्थी अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं कर पाते।

उन्होंने आगे कहा कि अब करियर केवल विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और चिकित्सा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वाणिज्य, व्यवसाय, कृषि और मानविकी जैसे क्षेत्रों में भी तकनीक का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। इस संदर्भ में उन्होंने विज्ञान, वाणिज्य, मानविकी एवं कृषि क्षेत्रों में उपलब्ध ट्रेंडिंग और भविष्य-उन्मुख करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी।

सेमिनार में उन्होंने विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, सस्टेनेबल एनर्जी, पर्यावरण विज्ञान और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों को भविष्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया, जहां आने वाले समय में विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ने वाली है।

अभिभावकों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि विषय या करियर का चयन करते समय केवल विद्यार्थी की रुचि, योग्यता, प्रवृत्ति और भावनात्मक बुद्धिमत्ता को ही आधार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार का संशय हो, तो करियर काउंसलिंग एक “गेम चेंजर” साबित हो सकती है और ऐसे में विशेषज्ञ करियर काउंसलर की सलाह अवश्य लेनी चाहिए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानाध्यापिका श्रीमती प्रीति सरोहा ने अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए करियर मार्गदर्शन के महत्व पर प्रकाश डाला।

यह सेमिनार विद्यार्थियों के लिए बदलते समय के अनुरूप करियर की नई दिशा तय करने और पारंपरिक सोच से बाहर निकलकर संभावनाओं की व्यापक दुनिया को समझने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story