उदयपुर। अरावली की शांत पहाड़ियों के बीच बसे सायरा क्षेत्र के सेमड़, पदराड़ा, ढोल और कमोल गांवों में बीते वर्षभर से चोरियों का ऐसा सिलसिला चल रहा है कि प्रवासी परिवार भय और चिंता में जीने को मजबूर हैं। अहमदाबाद, सूरत और मुंबई में बसे इन ग्रामीणों के पैतृक घर साल भर सूने रहते हैं और इसी सुनसान का फायदा उठाकर चोर अब तक 54 से अधिक मकानों को निशाना बना चुके हैं। लाखों रुपए का सामान चोरी हो जाने के बावजूद कार्रवाई की धीमी रफ्तार ने लोगों को बेचैन कर दिया, जिसके बाद मामला पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया तक पहुंच गया।

प्रवासियों की शिकायत के बाद राज्यपाल कटारिया ने उदयपुर पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद बुधवार को उदयपुर एसपी योगेश गोयल, एडिशनल एसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और डिप्टी गोपाल चंदेल पुलिस टीम के साथ सेमड़ पहुंचे। गांव में आयोजित बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों और प्रवासियों ने एकत्र होकर अपने दर्द बयां किए। इस दौरान गोगुंदा और सायरा थानों का पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में चोरियों की घटनाएं लगातार बढ़ती गईं। कई परिवारों ने अपने घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए, लेकिन चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कैमरे होने के बावजूद वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। स्थानीय निवासी शांतिलाल मेहता ने कहा कि प्रवासियों के सूने घर चोरों का आसान निशाना बनते जा रहे हैं। गांव के खाली पड़े परिवेश और मजबूत पुलिस व्यवस्था के अभाव से चोरों को खुलेआम वारदात करने का मौका मिल रहा है।

संवाद के दौरान एसपी योगेश गोयल ने लोगों की बात ध्यान से सुनी और भरोसा दिलाया कि पिछले तीन वर्षों में हुई सभी चोरियों की फाइलें दोबारा खोली जाएंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व है कि हर अपराध का समाधान हो और नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा मिले। गोयल ने यह भी घोषणा की कि सेमड़ में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी, ताकि गांव में पुलिस की मौजूदगी कायम रहे और भविष्य में अपराधों पर लगाम लगे।

मीटिंग के बाद पुलिस टीम ने सेमड़ जैन मंदिर और चारभुजा नाथ मंदिर में दर्शन किए, फिर पूरे गांव का दौरा कर चोरियों से प्रभावित घरों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस की सक्रियता से लंबे समय से चल रहे इस अपराध चक्र पर अब रोक लगेगी और प्रवासियों के पैतृक घर सुरक्षित रह सकेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story