सिरोही जिले में युवाओं और आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने टोबैको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 की शुरुआत की है। इसके तहत 28 अक्टूबर 2026 से 26 दिसंबर 2026 तक 60 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जिले में जागरूकता गतिविधियों के साथ तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जाएगी।

श्रीमान् जिला कलक्टर महोदय, सिरोही द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रखना और जिले में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करना है। अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसी क्रम में बुधवार को निदेशालय स्तर से मिले निर्देशों के अनुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. दिनेश खराड़ी ने अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री नरेश टेलर, डीएसी चन्द्राराम लौहार, सोशल वर्कर जितेन्द्र कुमार, आईईसी समन्वयक कुलदीप मीणा और डीईओ बलवान सिंह कौल सहित अन्य मौजूद रहे।

सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से बचाना, शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाना और आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी संबंधित चिकित्सा संस्थानों और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 60 दिवसीय अभियान में छह प्रमुख रणनीतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों को लेकर जन-जागरूकता फैलाना, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित करना, तंबाकू मुक्त ग्राम की अवधारणा को बढ़ावा देना और सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम 2019 के प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई करना शामिल है। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाने तथा कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों की अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर रहेगा।

अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। युवाओं को तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही उन्हें अपने परिवार और समाज को भी तंबाकू मुक्त बनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू नियंत्रण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान में जागरूकता के साथ कानूनी कार्रवाई पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि युवाओं और आमजन के लिए तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

Dharnendra Jain( Kherwara)

Dharnendra Jain( Kherwara)

नाम: धरणेन्द्र जैन

वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)

कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें

अनुभव: 30 वर्ष से अधिक

परिचय 

धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:

  • वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
  • उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
  • वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story