श्रीमद्भागवत कथा में गूंजा श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग
सेक्टर 8 स्थित चंद्रशेखर महादेव मंदिर में श्रीकृष्णानंदजी महाराज ने सुनाया गजेंद्र मोक्ष और प्रभु जन्म का वृत्तांत, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल।

सेक्टर 8 स्थित चंद्रशेखर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर श्रद्धालु श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा सुन भाव-विभोर हो उठे। कथा वाचक श्रीकृष्णानंदजी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का महत्व बताते हुए कहा कि कलयुग में भागवत कथा श्रवण से जीव को मोक्ष की प्राप्ति होती है तथा जन्म-जन्मांतर के पापों का नाश होता है।
कथा के दौरान उन्होंने बताया कि जब पृथ्वी पर अत्याचार बढ़ने लगे, तब गौ माता भगवान ब्रह्मा के पास पहुंचीं और कष्टों के निवारण की प्रार्थना की। इस पर भगवान ब्रह्मा ने कहा कि सृष्टि के सभी लोगों को प्रभु का स्मरण और ध्यान करना चाहिए, तभी समस्याओं का समाधान संभव है।
श्रीकृष्णानंदजी महाराज ने गजेंद्र मोक्ष की कथा का वर्णन करते हुए कहा कि तालाब में स्नान करने गए गजेंद्र का पैर घड़ियाल ने पकड़ लिया था। पीड़ा से व्याकुल गजेंद्र ने भगवान का स्मरण किया, जिसके बाद भगवान नारायण प्रकट हुए और उन्हें मुक्ति प्रदान की।
इसके बाद उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग सुनाया। महाराज ने कहा कि राजा दशरथ और महारानी कौशल्या के घर जन्मे भगवान श्रीराम ने अपने आदर्शों और मर्यादाओं से संसार को दिशा दी, इसी कारण उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है।
कथा में भगवान श्रीकृष्ण जन्म का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि बंदीगृह में जन्म लेने के बाद वसुदेवजी बालक कृष्ण को लेकर गोकुलधाम पहुंचे और उन्हें नंद बाबा तथा यशोदा मैया के पास छोड़ आए। इसके बाद गोकुल में कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा में श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग सुनते ही श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, सुरेश चंद्र गुप्ता, महेश कुमार मंत्री, लोकेश मेनारिया, प्रकाश इंटोड़िया, मंजू अग्रवाल, एम.डी. व्यास, दिनेश राजन शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। धार्मिक आयोजन ने श्रद्धालुओं में भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का संचार किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
