श्री सांवलियाजी मंदिर में जलझूलनी एकादशी मेला, बी प्राक और शैलेश लोढ़ा देंगे प्रस्तुति
चित्तौड़गढ़ के मंडफिया में 21 से 23 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय मेले में विशाल रथयात्रा, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

तस्वीर में मंडफिया स्थित श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर और बाहरी प्रांगण नजर आ रहा है।
निम्बाहेड़ा, 19 सितम्बर। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी (मण्डफिया) में जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर 21 से 23 सितम्बर तक तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन होगा। तीन दिनों तक मण्डफिया नगरी भजन, कीर्तन, धार्मिक उल्लास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुंजायमान रहेगी। मेले में भगवान सांवरिया सेठ की विशाल शोभायात्रा और जलझूलनी एकादशी पर भव्य रथयात्रा प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन, देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों की भजन संध्याएं और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश धाकड़ ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मेले के प्रथम दिन सोमवार, 21 सितम्बर को दोपहर 2 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से विशाल शोभायात्रा प्रारम्भ होगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इसी दिन रात्रि में मेला ग्राउंड स्थित विभिन्न मंचों पर भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मीरा रंगमंच, मेला ग्राउंड पर रात्रि 9 बजे नितीन बागवान एवं कृतिका मालविया द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी, जबकि रात्रि 1 बजे जय श्री राधे फोक ग्रुप द्वारा भजन संध्या होगी। गोवर्धन रंगमंच, मेला ग्राउंड पर रात्रि 9 बजे नेहा-शिल्पी सोनी एवं सनी अलबेला द्वारा भजन, सांस्कृतिक, कॉमेडी एवं नृत्य प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 1 बजे चिराग राजस्थनी डांस ग्रुप द्वारा भजन, सांस्कृतिक, कॉमेडी एवं नृत्य प्रस्तुति होगी।
21 सितम्बर को रात्रि 9 बजे मण्डफिया बाईपास स्थित उप जिला चिकित्सालय/रेफरल चिकित्सालय के पास अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इसमें शैलेश लोढ़ा, संजय झाला, भुवन मोहिनी, दीपक पारीक, शम्भु शिखर, राम भदावर, मोनिका हटिला, लक्ष्मण नेपाली, लक्की जारोलिया, हीरामनी वैष्णव, चेतन चर्चित, शशिकांत यादव एवं जानी बैरागी सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
मेले का मुख्य धार्मिक आयोजन मंगलवार, 22 सितम्बर को भादवा सुदी 11, जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर होगा। इस दिन दोपहर 12 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से सांवरिया सरोवर तक विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
22 सितम्बर की रात मण्डफिया बाईपास स्टेज, उप जिला चिकित्सालय के पास रात्रि 9 बजे बी. प्राक मय दल द्वारा विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। गोवर्धन रंगमंच, मेला ग्राउंड पर रात्रि 9 बजे सवाई भाट द्वारा भजन, सांस्कृतिक, कॉमेडी एवं नृत्य प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 1 बजे मोनिका भदौरिया, वॉयस ऑफ इंडिया दिव्यांश वर्मा एवं आईजीटी ग्रुप मय दल द्वारा विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
मीरा रंगमंच, मेला ग्राउंड पर रात्रि 9 बजे प्रकाश माली मय दल द्वारा भजन, सांस्कृतिक, कॉमेडी एवं नृत्य प्रस्तुति होगी। रात्रि 1 बजे आशा वैष्णव द्वारा विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मेले के अंतिम दिन बुधवार, 23 सितम्बर को समापन समारोह होगा। इस अवसर पर रात्रि 9 बजे मेला ग्राउंड स्थित मीरा रंगमंच पर छोटू सिंह रावणा द्वारा विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
तीन दिवसीय मेले के दौरान श्री सांवलियाजी धाम में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण रहेगा। भगवान सांवरिया सेठ के दर्शन, विशाल शोभायात्रा एवं रथयात्रा के साथ भजन संध्याएं, अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
