शिव महापुराण कथा के तृतीय दिवस खेरवाड़ा में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, उमड़ा सैलाब
खेरवाड़ा के श्री महाकाल धाम कारछा में शिव महापुराण कथा के तृतीय दिवस श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और हर-हर महादेव के जयकारों से परिसर गूंज उठा।

तस्वीर में बाबा महाकाल धाम कारछा में विशेष रूप से सजाए गए गोपेश्वर महादेव और भगवान शिव की प्रतिमा के दर्शन हो रहे हैं।
श्री महाकाल धाम कारछा में आयोजित पांच दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के तृतीय दिवस शुक्रवार देर रात श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण रहा। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धर्मलाभ प्राप्त किया। संत-महात्माओं के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में चल रही कथा के दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
कथा आयोजन समिति की ओर से कथा व्यास तिलकेश जोशी का बाबा महाकाल धाम के सेवायत सोहनलाल औदित्य ने तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया। कथा प्रवक्ता राधेश्याम व्यास ने बताया कि तृतीय दिवस कथा व्यास तिलकेश जोशी ने ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ महादेव, वैद्यनाथ महादेव एवं नागेश्वर महादेव की महिमा का विस्तार से वर्णन किया।
कथा व्यास तिलकेश जोशी ने भगवान शिव की महिमा बताते हुए कहा कि भगवान शिव घट-घट में विराजमान हैं। सच्चे मन और श्रद्धा से भगवान शिव की सेवा एवं आराधना करने से मनुष्य को आध्यात्मिक फल की प्राप्ति होती है।
इस अवसर पर बाबा महाकाल धाम में गोपेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के माध्यम से श्रीहरि और हर के मिलन का भाव प्रस्तुत किया गया। इस पावन अवसर पर आयोजित महारास ने श्रद्धालुओं को भक्तिभाव से भाव-विभोर कर दिया।
कथा के दौरान गंधर्व रूप में हितेष विप्र, चंदन, चिराग एवं मोक्ष सोमपुरा ने विभिन्न वाद्य यंत्रों के माध्यम से संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। भजनों और कथा के बीच श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए तथा भगवान शिव के जयकारे लगाए। पूरे कथा परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
