उदयपुर के शिल्पग्राम में 'माधव' नाटक का प्रभावशाली मंचन संपन्न
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की मासिक नाट्य संध्या में कारवां थिएटर ग्रुप के कलाकारों ने 40 किरदारों को मंच पर जीवंत किया।

उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा आयोजित मासिक नाट्य संध्या 'रंगशाला' के अंतर्गत रविवार को शिल्पग्राम स्थित दर्पण सभागार में नाटक 'माधव' का अत्यंत प्रभावशाली मंचन संपन्न हुआ। केंद्र के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने जानकारी देते हुए बताया कि कारवां थिएटर ग्रुप मुंबई, संपूर्णम् एवं वेदा फैक्ट्री मुंबई द्वारा प्रस्तुत 'विमन ट्रिओलॉजी' श्रृंखला के इस दूसरे नाटक 'माधव' ने अपनी सशक्त प्रस्तुति से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। आशुतोष द्विवेदी द्वारा लिखित और कुलविंदर बख्शीश सिंह द्वारा निर्देशित इस नाटक को देखने के लिए सभागार दर्शकों से खचाखच भरा रहा, जिन्होंने कलाकारों के अभिनय की मुक्तकंठ से सराहना की।
इस नाट्य प्रस्तुति की सबसे विशिष्ट विशेषता इसका प्रयोगात्मक पक्ष रहा, जहाँ अभिनेत्री विनीता जोशी, नॉयरिका, चांदनी श्रीवास्तव और संजना देशमुख ने मिलकर मंच पर कुल 40 अलग-अलग किरदारों को जीवंत किया। नाटक की सघन बुनावट और कलाकारों के बहुआयामी अभिनय ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। इस गरिमामयी अवसर पर केंद्र के उपनिदेशक (कार्यक्रम) पवन अमरावत, कार्यक्रम अधिशाषी राकेश मेहता, दयाराम सुथार, सिद्धांत भटनागर सहित केंद्र के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं शहर के अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक निदेशक (वित्तीय एवं लेखा) दुर्गेश चांदवानी द्वारा किया गया। शिल्पग्राम में आयोजित इस 'रंगशाला' आयोजन ने एक बार फिर उदयपुर की सांस्कृतिक चेतना और रंगमंच के प्रति दर्शकों के अगाध प्रेम को रेखांकित किया है।

