खेरवाड़ा। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छाणी में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक शिक्षक की भूमिका निभाते हुए कक्षाओं में अध्यापन कार्य किया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय के समस्त शिक्षकों का सम्मान किया। प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार रावल ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफलता की कामना की।

समारोह के साथ स्वास्थ्य जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह एवं आत्मीयता का माहौल बना रहा, वहीं शिक्षक दिवस के साथ आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी मंच प्रदान किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story