सीमा कुमारी ने संभाला सुलयी पंचायत के सरपंच का कार्यभार
उदयपुर जिले की सबसे कम उम्र की सरपंच बनीं सीमा कुमारी, पंचमुखी हनुमान मंदिर से निकाला गया भव्य जुलूस

उदयपुर की सुलयी पंचायत में कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सरपंच सीमा कुमारी व अतिथि।
खेरवाड़ा। उदयपुर जिले की सबसे कम उम्र की सरपंच बनने का गौरव हासिल करने वाली सुलयी पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच सीमा कुमारी ने मंगलवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके कार्यभार संभालने के अवसर पर पंचायत क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान उप सरपंच विजेश मेघवाल और नवनिर्वाचित वार्ड पंचों की मौजूदगी में भव्य समारोह आयोजित किया गया।
कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व क्षेत्र के प्रसिद्ध पंचमुखी हनुमान मंदिर से विजेता सरपंच सीमा कुमारी गरासिया, उप सरपंच विजेश मेघवाल और नवनिर्वाचित वार्ड पंचों का बैंड-बाजे एवं आतिशबाजी के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस ग्राम के विभिन्न क्षेत्रों से होता हुआ पंचायत मुख्यालय पहुंचा, जहां दायित्व ग्रहण समारोह आयोजित हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में निवर्तमान सरपंच जवान सिंह गरासिया ने अतिथियों को मेवाड़ी पगड़ी बंधवाकर और उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि पारस जैन ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, विद्युत और चिकित्सा के क्षेत्र में विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान और आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए कृतसंकल्प है।
अध्यक्षीय संबोधन में भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल ने कहा कि प्रदेश और देश में भाजपा की सरकार कार्यरत है। ऐसे में क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहेगी।
समारोह को पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत मोहन महाराज, निवर्तमान सरपंच जवान सिंह गरासिया, पूर्व सरपंच कुरी चंद चौधरी, पंचायत समिति में भाजपा के प्रत्याशी नानजी भाई पटेल, पूर्व सरपंच कन्हैयालाल भगोरा, सामरून पंचायत के सरपंच पति प्रकाश डामोर, शिक्षाविद देवीलाल मेघवाल एवं पन्नालाल पटेल तथा युवा नेता केशव मेघवाल ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल मंत्री रामलाल पटेल ने किया, जबकि आभार निवर्तमान सरपंच जवान सिंह गरासिया ने व्यक्त किया। सीमा कुमारी के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही सुलयी पंचायत में नए निर्वाचित नेतृत्व की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से शुरू हो गई।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
