एसडीएम सुबोध सिंह चारण ने ली ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश
उपखंड अधिकारी ने जनसुनवाई निस्तारण, ग्राम रथ भागीदारी और जनगणना कार्य की समीक्षा की तथा ग्राम सभाओं में अनुपस्थित कार्मिकों पर नाराजगी जताई।

उपखंड कार्यालय में सोमवार को उपखंड अधिकारी सुबोध सिंह चारण की अध्यक्षता में आयोजित ब्लॉक स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जनहितकारी मुद्दों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा करते हुए जवाबदेही और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
जिला कलेक्टर के निर्देशों के क्रम में सभी विभागों को जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का साप्ताहिक रजिस्टर संधारित करने तथा उनका निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के लिए संचालित ग्राम रथों में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया गया। साथ ही संबंधित 13 विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
बैठक में जनगणना कार्य की भी समीक्षा की गई, जिसमें ‘स्व-गणना पोर्टल’ पर अपडेशन की स्थिति और क्षेत्र में सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा हुई। संबंधित कर्मचारियों और नगरपालिका अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए, जिससे कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
ग्राम सभाओं में अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर उपखंड अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में बिना सूचना अनुपस्थिति या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के संतोषजनक समाधान और परिवादियों को राहत प्रदान करने को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में उपखंड अधिकारी सुबोध सिंह चारण ने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में विश्वास और प्रभावशीलता बनी रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
