सावन के अंतिम सोमवार को सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
सावन के अंतिम सोमवार पर सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सुबह पांच बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, पूजा-अर्चना और जयकारों से परिसर गूंजा।

तस्वीर में मंदिर के गर्भगृह में बैठे श्रद्धालु श्री सिद्धेश्वर महादेव शिवलिंग की पूजा-अर्चना करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सावन मास के अंतिम सोमवार को बीस दुकान स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शिव भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान सिद्धेश्वर महादेव के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर सुबह से ही हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी कैलाश जोशी ने श्रद्धालुओं को भगवान शिव को अर्पित करने के लिए बिल्व पत्र वितरित किए। सोमवार के साथ मनसा व्रत चौथ होने के कारण व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को पुजारी कैलाश जोशी ने बारी-बारी से मनसा व्रत की वार्ता सुनाई। भक्तों को प्रसाद स्वरूप केले भी वितरित किए गए।
सावन मास के अंतिम सोमवार के चलते बंजारिया, स्वास्तिक कॉलोनी, बीस दुकान, उपाध्याय कॉलोनी, आजाद चौक, रानी रोड, हरिओम कॉलोनी, बस स्टैंड एवं सदर बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ से मंदिर परिसर शिवमय नजर आया।
शाम को भजन-कीर्तन के पश्चात महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में अच्छी बारिश एवं खुशहाली की कामना करते हुए हर-हर महादेव और श्री सिद्धेश्वर महादेव की जय के जयकारे लगाए। सावन के अंतिम सोमवार पर मंदिर में उमड़ी श्रद्धा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
