नयागांव ब्लॉक की साथिनों का एसडीएम को ज्ञापन, 22 जुलाई 2026 का आदेश निरस्त कर ग्राम पंचायत में बैठक व्यवस्था की मांग
खेरवाड़ा के नयागांव ब्लॉक की साथिनों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर 22 जुलाई 2026 का आदेश निरस्त करने और ग्राम पंचायत में बैठक व्यवस्था सहित विभिन्न मांगें उठाईं।

तस्वीर में खेरवाड़ा के नयागांव कार्यालय में साथिनें उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता को ज्ञापन सौंपती हुई नजर आ रही हैं।
खेरवाड़ा में महिला अधिकारिता विभाग, ब्लॉक नयागांव की समस्त साथिनों ने उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता को मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की उपमुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर 22 जुलाई 2026 को जारी कार्यालय आदेश को निरस्त करने तथा ग्राम पंचायत कार्यालय में साथिनों की बैठक एवं बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि महिला अधिकारिता विभाग के अंतर्गत कार्यरत साथिनें वर्षों से ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, महिला अधिकारों के संरक्षण, बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता, विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता तथा लाभार्थियों से समन्वय जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। साथिनों ने कहा कि उनकी स्वतंत्र विभागीय पहचान एवं कार्यप्रणाली है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा पूर्व में जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत कार्यालय में साथिनों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो सका। इसके विपरीत 22 जुलाई 2026 को जारी नए आदेश में साथिनों की बैठकों का मुख्यालय आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित कर दिया गया, जिसे साथिनों ने अनुचित बताया।
साथिनों का कहना है कि वे महिला अधिकारिता विभाग की कार्यकर्ता हैं, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) व्यवस्था का हिस्सा है। ऐसे में नया आदेश उनकी स्वतंत्र विभागीय पहचान, गरिमा और आत्मसम्मान को प्रभावित करता है तथा उनके मूल कार्यक्षेत्र पर भी प्रतिकूल असर डाल सकता है।
ज्ञापन के माध्यम से साथिनों ने 22 जुलाई 2026 के आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने, ग्राम पंचायत कार्यालय में बैठक एवं बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, साथिनों की स्वतंत्र विभागीय पहचान एवं गरिमा बनाए रखने, अन्य विभागों के कार्यों में नहीं लगाए जाने, मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा, दीर्घकालीन सेवा नीति, आवश्यक संसाधन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा शहरी क्षेत्रों में भी साथिनों के पद सृजित करने सहित विभिन्न मांगें रखीं।
साथिनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत चरणबद्ध एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। ज्ञापन सौंपने वालों में आशा शर्मा, संगीता, कुसुम जैन, अंजना, मीनाक्षी सहित महिला अधिकारिता विभाग, ब्लॉक नयागांव की समस्त साथिनें उपस्थित रहीं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
