झुंथरी पंचायत में थावरचंद खराड़ी ने 389 वोटों से दर्ज की जीत, अशोक मेघवाल बने उपसरपंच
खेरवाड़ा की झुंथरी ग्राम पंचायत में थावरचंद खराड़ी ने सरपंच पद पर 389 वोटों की बढ़त से जीत दर्ज की, जबकि अशोक मेघवाल निर्विरोध उपसरपंच चुने गए। जीत के बाद गांव में विजय जुलूस और जनसभा का आयोजन हुआ।

तस्वीर में झुंथरी ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच थावरचंद खराड़ी, उपसरपंच अशोक मेघवाल और वार्ड पंच ग्रामीण समर्थकों के साथ नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा उपखंड की झुंथरी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में थावरचंद खराड़ी ने 389 वोटों की बढ़त के साथ जीत दर्ज की। वहीं, उपसरपंच पद पर अशोक मेघवाल निर्विरोध निर्वाचित हुए। दोनों की जीत के बाद गांव में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के समर्थन में विजय जुलूस निकाला गया।
विजय जुलूस के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह फूलमालाओं और गुलाल से नवनिर्वाचित सरपंच थावरचंद खराड़ी, उपसरपंच अशोक मेघवाल और वार्ड पंचों का स्वागत किया तथा उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच थावरचंद खराड़ी और उपसरपंच अशोक मेघवाल ने वार्ड पंच चंद्रवीर सिंह चौहान, रंजना देवी, अनीता देवी, रमीला देवी, सूरज देवी, अर्जुन लाल, पायल पटेल, सोमेश्वर सहित सभी समर्थकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद विजय जुलूस कपूरिया स्थित कालिका माता मंदिर परिसर पहुंचा। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को गुड़ वितरित किया गया, जिसके साथ विजय उत्सव का समापन हुआ। झुंथरी ग्राम पंचायत में चुनाव परिणाम के बाद नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच और वार्ड पंचों ने ग्रामीणों के साथ अपनी जीत का उत्सव मनाया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
