खेरवाड़ा। ग्राम पंचायत सारोली में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने शुभ मुहूर्त में पदभार ग्रहण करते हुए पंचायत क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित सरपंच प्रमोद कुमार डामोर, उपसरपंच मुन्ना देवी सहित सभी वार्ड पंचों ने पंचायत परिसर में विधिवत पदभार संभाला। इस दौरान ग्रामीणों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।

पदभार ग्रहण समारोह में सरपंच प्रमोद कुमार डामोर ने घोषणा की कि ग्राम पंचायत की ओर से वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं विकलांग पेंशन से संबंधित कार्यों के लिए ग्रामवासियों को निशुल्क सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने युवाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए पंचायत क्षेत्र में लाइब्रेरी एवं खेल मैदान विकसित करने को प्राथमिकता देने का भी आश्वासन दिया।

सरपंच प्रमोद कुमार डामोर ने ग्राम विकास अधिकारी से पंचायत से संबंधित ग्रामीणों के कार्य समय पर संपादित करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर पंचायत में कार्यरत स्टाफ ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का साफा एवं माला पहनाकर और ऊपरना ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

समारोह के दौरान सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक जॉब कार्डधारी परिवार को 125 दिन का रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास करने का संकल्प लिया। साथ ही पंचायत के विकास, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पदभार ग्रहण के साथ ही नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने पेंशन संबंधी निशुल्क सेवाओं, युवाओं के लिए लाइब्रेरी एवं खेल मैदान तथा रोजगार के अवसरों को पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story