सरेड़ी में रास्ते रोककर परिवार पर जानलेवा हमला, पांच लोग घायल
विवाह समारोह से लौट रहे मीणा परिवार पर सरेड़ी गांव में कुछ लोगों ने हमला किया, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना क्षेत्र के सरेड़ी गांव में रास्ता रोककर जानलेवा हमला करने और एक ही परिवार के कई सदस्यों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। सरेड़ी निवासी रोहित पुत्र रमेश मीणा ने पुलिस को शिकायत देकर गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार 26 मई 2026 को रोहित अपने पिता रमेश तथा माता ईलादेवी के साथ रिश्तेदारी में आयोजित एक विवाह समारोह से लौटकर गांव सरेड़ी पहुंचे थे। आरोप है कि घर की ओर पैदल जाते समय गांव के कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और एक राय होकर उन पर हमला कर दिया।
रोहित मीणा का आरोप है कि हमले के दौरान एक आरोपी ने लोहे की टामीनुमा वस्तु से उनके सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और रक्तस्राव होने लगा। शिकायत में बताया गया है कि हमलावरों ने उनके पिता रमेश के साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। वहीं उनकी माता ईलादेवी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे उनके भाई गीतेश और बहन कोमल के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण एकत्रित होने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार का कहना है कि सभी लोग चोटों के उपचार में व्यस्त होने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। रोहित मीणा ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर थानाधिकारी करनाराम जाट ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार मेहता द्वारा की जा रही है। गांव में हुई इस घटना ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है, जबकि पीड़ित परिवार पुलिस जांच से न्याय की उम्मीद लगाए हुए है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
