मंडफिया। भगवान श्री सांवलिया जी सेठ के दरबार में 15 मई को चतुर्दशी के अवसर पर खोले गए दानपात्र (भंडार) की गणना का सिलसिला अनवरत जारी है। बुधवार को संपन्न हुई चौथे चरण की गिनती में मंदिर के भंडार से एक करोड़ 62 लाख 60 हजार 100 रुपए की राशि नगद प्राप्त हुई है। इस गणना के साथ ही अब तक कुल प्राप्त दान राशि का आंकड़ा 25 करोड़ के पार पहुंच गया है।

मंदिर बोर्ड के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस प्रक्रिया में चौथे चरण की गिनती पूरी की गई। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व के तीन चरणों की गणना में मंदिर प्रशासन को 23 करोड़ 53 लाख 50 हजार रुपए की नगद राशि प्राप्त हुई थी। इन चारों चरणों के सम्मिलित आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 25 करोड़ 16 लाख 10 हजार 100 रुपए की राशि दान स्वरूप प्राप्त हो चुकी है। मंदिर प्रशासन ने सूचित किया है कि शेष बची हुई दान राशि की गणना के लिए पांचवें चरण का कार्य गुरुवार को संपन्न किया जाएगा।

इस पारदर्शी गणना प्रक्रिया के दौरान मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव के साथ सदस्य पवन तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र सिंह, संपदा प्रभारी भेरूगिरी गोस्वामी और स्टोर प्रभारी मनोहर लाल शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान मंदिर एवं बैंकों के अधिकृत कर्मचारी भी गणना कार्य में जुटे रहे। भगवान सांवलिया सेठ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का ही परिणाम है कि हर बार दानराशि के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी विवेक शर्मा द्वारा की गई।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story