सनवाड़ में शहीद बीरबल सिंह ढालिया की 80वीं पुण्यतिथि पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
जीनगर समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित, वक्ताओं ने शहीद के जीवन संघर्ष और शिक्षा के महत्व पर डाला प्रकाश।

सनवाड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद वरिष्ठ समाजजन एक मेधावी छात्रा को स्मृति चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित करते हुए।
जीनगर समाज, सनवाड़ द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिकारी एवं भारत माता के वीर सपूत शहीद बीरबल सिंह ढालिया की 80वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहीद के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए नई पीढ़ी को शिक्षा, राष्ट्रभक्ति और उत्कृष्टता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात समाजजनों ने शहीद बीरबल सिंह ढालिया के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके शौर्य, वीरता और देशभक्ति पर अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में बोर्ड परीक्षाओं एवं महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। इसके साथ ही अध्ययनरत अन्य विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मंचासीन वक्ताओं ने अपने संबोधन में शहीद बीरबल सिंह ढालिया के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत तथा लगन के साथ अध्ययन कर भविष्य में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने का लक्ष्य रखना चाहिए।
वक्ताओं ने बताया कि बीकानेर प्रजामंडल के प्रमुख तिरंगा वाहक रहे बीरबल सिंह ढालिया ने मात्र 25 वर्ष की आयु में मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनका अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वरिष्ठ समाजजन, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति ने शहीद बीरबल सिंह ढालिया को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देशभक्ति के ओजस्वी नारों से पूरा सभागार गूंज उठा और वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। समारोह में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। शहीद बीरबल सिंह ढालिया की 80वीं पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके अमर बलिदान के प्रति समाज की कृतज्ञता और नई पीढ़ी में राष्ट्रसेवा एवं शिक्षा के संस्कारों को सुदृढ़ करने का प्रेरक संदेश बनकर उभरा।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
