संजय चंदेल बने भाजपा एससी मोर्चा राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष निहाल चंद मेघवाल ने प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा की, उदयपुर के संजय चंदेल को मिली बड़ी जिम्मेदारी।

फतहनगर। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के सांगठनिक ढांचे को मजबूती प्रदान करते हुए प्रदेश नेतृत्व ने नई नियुक्तियों की घोषणा की है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की सहमति से अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री निहाल चंद मेघवाल ने मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की आधिकारिक सूची जारी की, जिसमें उदयपुर के अनुभवी कार्यकर्ता इंजीनियर संजय चंदेल को प्रदेश उपाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उदयपुर के ग्राम कानपुर निवासी संजय चंदेल ने प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान एमएनआईटी जयपुर से इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त की है और वे लंबे समय से अनुसूचित जाति मोर्चा में विभिन्न दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते आ रहे हैं। उनकी इस नियुक्ति पर भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह, प्रदेश संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ प्रमोद सामर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इसके साथ ही उदयपुर से विशेष लगाव रखने वाले डॉ. मुकेश गर्ग और संजय चंदेल को प्रदेश स्तर पर अहम दायित्व मिलने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अपनी नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए संजय चंदेल ने इसे एक साधारण कार्यकर्ता का सम्मान बताया।
संगठनात्मक संतुलन को साधते हुए जारी की गई इस सूची में कुल 47 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 मंत्री शामिल हैं। प्रदेशाध्यक्ष निहाल चंद मेघवाल ने इन नियुक्तियों में सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों का विशेष ध्यान रखा है, ताकि अनुभवी और युवा कार्यकर्ताओं के सामंजस्य से संगठन को आगामी समय में नई गति प्रदान की जा सके। यह विस्तार आगामी राजनीतिक चुनौतियों के दृष्टिगत भाजपा की समावेशी रणनीति का परिचायक माना जा रहा है।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
