उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सामरूण के मोकरवाड़ा एवं खुनादरी गांवों में कुछ घरों द्वारा बाथरूम एवं घरेलू उपयोग का पानी डामरीकरण सड़क पर छोड़े जाने से सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। लगातार पानी के बहाव के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार संबंधित लोगों को कई बार समझाइश देने के बावजूद सड़क पर पानी छोड़ना बंद नहीं किया गया। उनका कहना है कि एक ओर क्षेत्र के कई लोग पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर घरेलू पानी को सड़क पर बहाकर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उनका कहना है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी उन लोगों की होगी, जिनके द्वारा सड़क पर पानी छोड़ा जा रहा है और जिनकी वजह से सड़क टूटकर खतरनाक स्थिति में पहुंच गई है।

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत प्रशासक द्वारा भी संबंधित लोगों को सूचना एवं चेतावनी दी गई, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। वाहन चालक पन्ना लाल, ईश्वर सिंह, अजय एवं नवीन ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने, सड़क पर पानी बहाने पर रोक लगाने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग की है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो सकती है तथा किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story