समरथपुरा में पंचायत चुनाव: निष्पक्ष मतदान की अपील और पौधारोपण
रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार न्योल ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की और 'एक पेड़ लोकतंत्र के नाम' अभियान के तहत पौधे लगाए।

समरथपुरा में मतदान जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधारोपण करते अधिकारी।
समरथपुरा। पंचायत राज चुनाव के मतदान से पहले रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार न्योल ने क्षेत्र के मतदाताओं से निर्भीक, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जागरूक मतदाता हैं और प्रत्येक नागरिक का एक-एक वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
न्योल ने कहा कि मतदान महज एक चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार होने के साथ लोकतंत्र के प्रति उसकी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी दबाव, भय, लालच अथवा भेदभाव के अपनी स्वतंत्र सोच और विवेक के आधार पर मतदान करने का आह्वान किया। साथ ही अधिकाधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
लोकतंत्र के महापर्व को यादगार बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समरथपुरा में ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत एक माह में करीब 500 पौधे लगाकर एक सुंदर बगीचा तैयार किया गया। इस पहल के माध्यम से मताधिकार के प्रयोग के साथ प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर न्यायिक मजिस्ट्रेट बिजेन्द्र सिंह, तहसीलदार भीवाराम, रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार न्योल सहित चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। अधिकारियों ने आमजन से भी लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मतदान के प्रति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाली इस पहल ने लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के साथ प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
