भाजपा ने सलूंबर निकाय चुनाव में कसी कमर, वार्डवार फीडबैक के बाद बनाई जीत की रणनीति
सलूंबर निकाय चुनाव में नामांकन वापसी के बाद भाजपा ने चुनावी रणनीति तेज कर दी है। ओजस्वी वाटिका में वार्डवार फीडबैक लेकर जीत की रणनीति पर चर्चा हुई और कार्यकर्ताओं को आखिरी वोट तक जुटे रहने के निर्देश दिए गए।

तस्वीर में सलूंबर में आयोजित भाजपा की चुनावी बैठक में मंच पर बैठे पदाधिकारी और कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
उदयपुर। सलूंबर भाजपा ने नामांकन वापसी के बाद निकाय चुनाव को लेकर चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। शहर की ओजस्वी वाटिका में वार्ड प्रभारियों, समन्वयकों और प्रबंधन टोली की बैठक आयोजित कर वार्डवार चुनावी समीकरण, फीडबैक और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, जिला संगठन प्रभारी मुकेश रावत, निकाय चुनाव प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत, विधायक शांता देवी मीणा और मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा मौजूद रहे।
बैठक में नामांकन वापसी के बाद वार्ड प्रभारियों से संबंधित वार्डों के समीकरण और जीत की रणनीति को लेकर फीडबैक लिया गया। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी और निकाय चुनाव प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत ने स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाए। उन्होंने हर निष्क्रिय कार्यकर्ता को सक्रिय करने, मनमुटाव और गुटबाजी दिखाई देने पर उसे मैनेज करने तथा चुनावी अभियान की वार्डवार रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क करने तथा प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने की रणनीति अपनाने पर जोर दिया गया।
जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि भाजपा विकास, विचारधारा और सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने पिछले पांच साल के कांग्रेस बोर्ड के कार्यकाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि गड्ढे नहीं भरे गए और कांग्रेस नेताओं ने खुद की तिजोरियां भरी हैं। सड़कों और नालियों की गंदगी साफ नहीं की गई, बल्कि उसके लिए आया पैसा भी हाथ साफ कर दिया गया।
जोशी ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भजन लाल सरकार नगरीय निकाय क्षेत्रों को विकसित करने के संकल्प के लिए तैयार है। राजस्थान की भाजपा सरकार ने निकाय क्षेत्रों के लिए अपना घोषणा संकल्प पत्र भी जारी कर दिया है।
निकाय चुनाव प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत ने कार्यकर्ताओं से एकमुखी और एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है। जिसके पास कमल का फूल है, वही भाजपा का प्रत्याशी है। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष स्वयं चुनावी अभियान पर नजर रख रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मुस्तैदी के साथ आखिरी वोट डलने तक मैदान में डटे रहें।
विधायक शांता देवी मीणा ने कहा कि सलूंबर नगर के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार में एक और इंजन जोड़ना है।
जिला संगठन प्रभारी मुकेश रावत ने पन्ना प्रमुखों और बूथ समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में धन्यवाद मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा ने दिया, जबकि संचालन मंडल महामंत्री जयेश चौबीसा ने किया। नामांकन वापसी के बाद हुई यह बैठक भाजपा की वार्डवार चुनावी तैयारी और संगठन को सक्रिय करने की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण रही।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
