नगर परिषद चुनाव 2026 में पूर्ण विजय के संकल्प के साथ भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। सलूंबर के सेवक समाज के नोहरे में भाजपा पदाधिकारियों ने वार्ड प्रभारी, वार्ड संयोजक, पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजक और बूथ अध्यक्षों की बैठक लेकर आगामी चुनावी कार्ययोजना पर चर्चा की तथा सुनिश्चित विजय के लिए कार्यकर्ताओं को जुट जाने के निर्देश दिए।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, जिला संगठन प्रभारी मुकेश रावत, निकाय चुनाव प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत, सह प्रभारी अतुल चण्डालिया और मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने चुनाव को लेकर वार्ड स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और बूथ स्तर तक प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चुनाव में सभी वार्डों में मतदाताओं की नब्ज टटोलने, कार्यकर्ताओं और आम जनता से रायशुमारी करने तथा टिकट के लिए पैनल तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिलाध्यक्ष और निकाय चुनाव प्रभारी ने सभी वार्डों में प्रभारी एवं संयोजक नियुक्त कर उन्हें वार्डों की बैठकें लेने के निर्देश दिए। इसके बाद गुरुवार को ही सभी वार्ड प्रभारियों ने वार्डों में पगफेरा प्रारंभ कर दिया।

नगर निकाय चुनाव प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत ने कहा कि अंतिम वोट डाले जाने तक कार्यकर्ताओं और वार्डों की चुनाव प्रबंधन टोली को मेहनत में कोई कमी नहीं आने देनी है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी कमल का फूल होगा और पार्टी प्रदेश द्वारा तय गाइडलाइन के अनुसार कैडर बेस, जनता के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने वाले, सक्रिय, निष्ठावान और जिताऊ कार्यकर्ता को टिकट देगी। टिकट चयन के लिए कई स्तरों पर फिल्टर और फिट होने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।







निकाय सह प्रभारी अतुल चण्डालिया ने कहा कि भाजपा राजनीति से ऊपर राष्ट्रनीति रखती है। भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी छोटी-मोटी बातों को भुलाकर एकजुट और एकमुखी होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर आकांक्षी कार्यकर्ता का आवेदन प्रदेश चयन समिति को भेजा जाएगा।

भाजपा सलूंबर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों के नगर परिषद के कांग्रेस कार्यकाल में विकास अवरुद्ध हुआ। उन्होंने कहा कि सलूंबर में 30 वर्षों में भाजपा के बोर्डों के दौरान शहर की नई तस्वीर बनने लगी थी, लेकिन उस विकास पर ब्रेक लगा। अब डबल इंजन की सरकार है और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए सलूंबर को विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ना है।

जोशी ने कहा कि बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट और कार्यकर्ता का परिश्रम विजय का मंत्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रधान दुर्गाप्रसाद मीणा, जिला उपाध्यक्ष सोनल मीणा, जिला मंत्री करण सिंह पवार, भूरा भाई पटेल, पूर्व जिला महामंत्री कैलाश गांधी, मंडल प्रतिनिधि वेणी राम सुथार, चुनाव संयोजक प्रकाश जैन, सह संयोजक कमल बाहेती, नेता प्रतिपक्ष प्रभुलाल जैन, डा लव व्यास, जयेश चौबीसा, नरेंद्र सुथार समेत भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story