सलूंबर में पीएम मोदी के जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पर विशाल सभा, हजारों कार्यकर्ता जुटे
सलूंबर में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में भाजपा नेताओं ने भरी हुंकार।

सलूंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा नेताओं द्वारा सेवा ज्योति प्रज्वलित किए जाने का दृश्य।
सलूंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन सेवा से राष्ट्र सेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन की ओर से विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना। प्रातः 10 बजकर 20 मिनट पर पीएम नरेंद्र मोदी ने देशभर के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत रहे। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विधायक शांता देवी मीणा, धरियावद विधानसभा प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा एवं सेमारी प्रधान दुर्गा प्रसाद मीणा विशिष्ट अतिथि रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर तथा भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "मैं एंबीशन नहीं, मिशन के लिए जीने वाला इंसान रहा हूं।" उन्होंने कहा कि जिसने उन्हें जिताया, उसने विनम्र होना सिखाया, जिसने गिराया उसने खड़ा होना सिखाया, जिसने साथ दिया उसने विश्वास की शक्ति दिखाई और जिसने विरोध किया उसने लोकतंत्र की शक्ति समझाई। उन्होंने कहा कि चंद्रयान ने उन्हें असफलता से उठना सिखाया, कोरोना ने सामूहिक चेतना सिखाई और मीडिया ने खट्टे-मीठे अनुभवों से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
पीएम मोदी ने कहा कि हर गांव और हर गरीब ने उन्हें सिखाया कि साधन-संसाधन भले ही सीमित हों, लेकिन सपने बड़े और हौसले बुलंद होने चाहिए। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास" उनके लिए सुशासन का आधार रहा है।
मोदी ने कहा कि इस राष्ट्र में जन्म लेना ही अमृत का एहसास है। इसके सामने सत्ता सुख कुछ नहीं है। पद-प्रतिष्ठा कहीं भी मिल सकती है, लेकिन भारत जैसी पुण्यभूमि नहीं मिल सकती। उन्होंने कहा कि उस भारत की सेवा का अवसर अमूल्य है, जिसने अंधकार के युग में भी मानवता को ज्ञान और मूल्यों का प्रकाश दिया। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों का आकलन इससे नहीं होगा कि वह कहां पहुंचे, बल्कि इससे होगा कि देश कहां पहुंचा।
इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज हर गरीब को घर मिल रहा है, जन धन खाते खुले हैं, किसान सम्मान निधि मिली है, युवाओं को नौकरियां और नए स्टार्टअप मिले हैं तथा लखपति दीदी के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण हुआ, धारा 370 हटी, भारत का तिरंगा चंद्रमा पर फहराया और देश की सेनाओं के हाथ मजबूत हुए हैं।
सांसद रावत ने कहा कि मोदी के विकसित भारत के सपने का मार्ग गांवों से होकर जाता है। गांवों को विकसित करने के लिए कड़ी से कड़ी जोड़ना जरूरी है और गांवों से हर पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य तथा सरपंच भाजपा का होगा तो विकास तेज गति से होगा।
रावत ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास वोट चोरी का रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को 12 वोट मिले और नेहरू को शून्य, लेकिन प्रधानमंत्री बहुमत के बावजूद सरदार पटेल को नहीं बनाकर नेहरू को बनाया गया। उन्होंने कहा कि सलूंबर नगर परिषद चुनावों में जनादेश भाजपा को मिला, लेकिन यहां भी कांग्रेस ने वोट चोरी की। पिछले नगर परिषद के कार्यकाल में कांग्रेस की राज्य में सरकार होते हुए भी सलूंबर विकास के मामले में पिछड़ गया और जमकर भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के झूठे प्रचार और हथकंडों का मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि गांवों की जनता ने भाजपा के पक्ष में मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में सभी 21 जिला परिषद वार्डों और 105 पंचायत समिति वार्डों में भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण के दम पर कमल खिलेगा।
विधायक शांता देवी मीणा ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है और अब गांवों की सरकार बनाकर तीसरा इंजन भी जोड़ना है।
कार्यक्रम के अंत में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक शांता देवी मीणा एवं जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने सेवा ज्योति जलाई। लोकतंत्र सेनानी रामेश्वर जोशी के हाथों में सेवा ज्योति सांसद और जिलाध्यक्ष ने सौंपी। इसके बाद सेवा ज्योति रथ के साथ सेवा ज्योति यात्रा जैन बोर्डिंग से आशीर्वाद गार्डन पहुंची।
आशीर्वाद गार्डन पहुंचने पर सांसद रावत, जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी एवं विधायक शांता देवी मीणा ने आशीर्वाद गार्डन चौराहे पर सेवा ज्योति स्थापित की। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने इस अवसर पर चौराहे का नामकरण "सेवा संकल्प चौराहा" रखने की उद्घोषणा की। सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक एवं कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर इसका अनुमोदन किया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री कैलाश गांधी, जिला उपाध्यक्ष सोनल मीणा, जिला मंत्री भूरा भाई पटेल, जिला प्रवक्ता नाथु भाई कोलावत, नगर मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा, मेवल मंडल अध्यक्ष नाहर सिंह राठौड़, लसाडिया मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह झाला, भबराना मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह चौहान, झल्लारा मंडल अध्यक्ष हितेश जोशी, जयसमंद मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण मीणा, मल्लाड़ा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीलाल कलाल, सेमारी मंडल अध्यक्ष केसर सिंह, छप्पन मंडल अध्यक्ष अमरा भाई पटेल, डॉ. जया मीणा, शांति लाल जैन, राजेंद्र कलाल, सोहन लाल चौधरी और भगवती लाल सेवक समेत भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस आयोजन में पीएम मोदी के 25 वर्ष की जन सेवा से राष्ट्र सेवा की यात्रा के अवसर पर विकसित भारत संकल्प और सेवा ज्योति यात्रा के जरिए कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सामने आई।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
