गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार नागरिक सुरक्षा तैयारियों को परखने के उद्देश्य से साकरोदा स्थित भारत पेट्रोलियम के गैस प्लांट पर शनिवार को हाई-लेवल मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें हवाई हमले के बाद गैस प्लांट में आग लगने जैसी गंभीर स्थिति का वास्तविक अभ्यास किया गया।

वर्ष 2026 के लिए गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित थीम ‘हवाई हमला और ब्लैक आउट’ के अनुरूप जिला मजिस्ट्रेट गौरव अग्रवाल के निर्देशन में यह अभ्यास संपन्न हुआ। इसमें जिला प्रशासन, बीपीसीएल, नागरिक सुरक्षा विभाग, फायर ब्रिगेड, पुलिस, होमगार्ड तथा चिकित्सा विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों ने समन्वित रूप से भाग लिया।

शनिवार शाम 7.25 बजे साकरोदा प्लांट से सभी संबंधित एजेंसियों को सूचना दी गई कि प्लांट के स्टोरेज के समीप एयर स्ट्राइक के चलते विस्फोटक गिरा है, जिससे आग लग गई है और पूरे क्षेत्र में ब्लैक आउट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। साथ ही गैस के स्टोरेज कैप्सुल में लीकेज की भी सूचना प्रसारित की गई।

प्रशासनिक टीमों के मौके पर पहुंचने से पूर्व प्लांट मैनेजर रामानुज कर्मकार के निर्देशन में बीपीसीएल की टीमों ने एहतियातन कार्रवाई शुरू कर दी और फायर फाइटिंग सिस्टम सक्रिय कर दिया। इसके बाद अग्निशमन वाहन मय दल, सिविल डिफेंस टीम, पुलिस, होमगार्ड और चिकित्सा टीम एम्बुलेंस सहित घटनास्थल पर पहुंची। जिला प्रशासन के निर्देश पर पूरे क्षेत्र में ब्लैक आउट लागू किया गया।

सभी टीमों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए ब्लैकआउट प्रबंधन, फायर फाइटिंग, हादसे में हताहत लोगों का रेस्क्यू तथा उन्हें चिकित्सालय तक पहुंचाने जैसी गतिविधियों का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रदर्शन किया। पूर्वाभ्यास के दौरान आपातकालीन प्रतिक्रिया, संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल को विशेष रूप से परखा गया।

मौके पर जिला कलेक्टर के निर्देशन में एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा, सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीपसिंह बग्गा सहित सभी संबंधित अधिकारी अपनी-अपनी टीमों के साथ उपस्थित रहे। एडीएम राठौड़ ने बताया कि इस प्रकार के मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।

यह मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन तंत्र की वास्तविक तैयारी, समन्वय क्षमता और त्वरित प्रतिक्रिया की प्रभावशीलता को परखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभ्यास साबित हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story