उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर का फतहसागर इन दिनों साहस और अनुशासन की मिसाल बन गया है। एनसीसी निदेशालय राजस्थान, जयपुर एवं एनसीसी समूह मुख्यालय उदयपुर के तत्वावधान में 1 राज नेवल यूनिट द्वारा आयोजित सैलिंग एक्सपिडिशन कैम्प का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा एवं कमांडिंग ऑफिसर कमांडर शकील अहमद ने संयुक्त रूप से कैम्प का उद्घाटन किया।

कमांडर शकील अहमद ने बताया कि दस दिवसीय इस विशेष कैम्प में एनसीसी निदेशालय राजस्थान की तीनों नेवल यूनिट्स के 110 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। चयनित कैडेट्स ने इस अभियान के लिए कई चरणों की कठोर प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी की है। इस दौरान उन्हें नौकायान की तकनीकों, दिशा-निर्धारण, सुरक्षा मानकों एवं टीमवर्क का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

कैम्प के दौरान कैडेट्स फतहसागर झील में व्हेलर बोट के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 50 किलोमीटर नौकायान करेंगे। दस दिनों की इस चुनौतीपूर्ण यात्रा में वे कुल करीब 415 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यह अभ्यास न केवल उनकी शारीरिक क्षमता की परीक्षा है, बल्कि मानसिक धैर्य, अनुशासन और साहस की भी मिसाल पेश करेगा।

कमांडर अहमद ने कहा कि इस कैम्प का उद्देश्य कैडेट्स को नौकायान की परंपरा से जोड़ना, इस कला को जीवित रखना और उनमें साहसिकता की भावना विकसित करना है। फतहसागर की लहरों पर युवा कैडेट्स का जज़्बा न सिर्फ प्रशिक्षण का प्रतीक है, बल्कि यह देश की युवा शक्ति के आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय का भी प्रतीक बन रहा है।

फोटो कैप्शन: उदयपुर। फतहसागर की पाल पर 1 राज नेवल यूनिट के सैलिंग एक्सपिडिशन कैम्प का शुभारंभ करते एएसपी उमेश ओझा तथा कैम्प की गतिविधियों में भाग लेते कैडेट्स।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story