खेरवाड़ा में सफाई कर्मियों और ठेकेदार का विवाद खत्म, सुलह के बाद व्यवस्था बहाल
खेरवाड़ा में सफाई कर्मियों और नए ठेकेदार के बीच चला विवाद पंचायत हस्तक्षेप से सुलझा, सहमति के बाद सफाई व्यवस्था बहाल हुई।

पंचायत प्रशासन के कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों और सफाई कर्मियों के बीच आयोजित सुलह वार्ता के दौरान मौजूद लोग।
कस्बे में पिछले एक पखवाड़े से पुराने सफाई कर्मियों एवं नए सफाई ठेकेदार के बीच चल रहा गतिरोध शनिवार को पंचायत प्रशासन के हस्तक्षेप से समाप्त हो गया। इसके बाद रविवार से कस्बे में सुचारू सफाई व्यवस्था प्रारंभ हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत में सफाई के वार्षिक ठेके के तहत इस वर्ष सफाई कार्य का ठेका नए ठेकेदार द्वारा लिया गया था। नए ठेकेदार एवं पुराने सफाई कर्मियों के बीच सफाई कार्य के समय तथा अन्य शर्तों को लेकर गतिरोध उत्पन्न हो गया था। इसके बाद नए ठेकेदार ने कस्बे में सफाई कार्य के लिए नए सफाई कर्मियों को नियुक्त कर सफाई व्यवस्था शुरू करवा दी थी।
नए सफाई कर्मियों से कार्य शुरू करवाने का पुराने सफाई कर्मियों ने विरोध किया। इस दौरान आपसी कहासुनी के बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया था। स्थिति को देखते हुए शनिवार को पंचायत प्रशासन ने हस्तक्षेप किया।
पंचायत प्रशासक लक्ष्मी देवी आहारी, संयुक्त व्यापार महासंघ के संरक्षक पारस जैन एवं उप सरपंच विक्रांत कोठारी की उपस्थिति में पुराने सफाई कर्मियों और नए सफाई ठेकेदार के बीच सुलह वार्ता आयोजित की गई। वार्ता के दौरान पुराने सफाई कर्मियों ने नए सफाई ठेकेदार की शर्तों को स्वीकार करते हुए अपनी लिखित स्वीकृति प्रदान की।
सहमति बनने के बाद रविवार से पुराने सफाई कर्मियों ने ही कस्बे में सफाई व्यवस्था का कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया। इससे कस्बे में सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होने लगी।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
