खेरवाड़ा के नागफणी प्रशिक्षण संस्थान में साधना दिवस आयोजित
एकनाथजी रानाडे की जयंती पर वक्ताओं ने विवेकानंद शिला स्मारक और सेवा कार्यों पर चर्चा कर युवाओं को समाजसेवा के लिए प्रेरित किया।

उदयपुर। एकनाथजी रानाडे के राष्ट्र निर्माण और समाजसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने तथा स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ 19 नवंबर 2026 को नागफणी प्रशिक्षण संस्थान, खेरवाड़ा में साधना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजमल लखदार, उपनगर प्रमुख, स्वामी विवेकानंद केंद्र, कन्याकुमारी शाखा उदयपुर ने एकनाथजी रानाडे के जीवन और उनके सेवा कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत के महान समाजसेवी एवं संगठनकर्ता एकनाथजी रानाडे की जयंती 19 नवंबर को प्रतिवर्ष साधना दिवस के रूप में मनाई जाती है।
उन्होंने कहा कि एकनाथजी रानाडे ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण और स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित किया। उन्होंने वर्ष 1963 से 1970 के बीच विवेकानंद शिला स्मारक के निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य करवाया और इसके लिए देशभर से जनसमर्थन जुटाया।
डॉ. लखदार ने बताया कि कन्याकुमारी में वर्ष 1972 में विवेकानंद केंद्र की स्थापना की गई। यह एक आध्यात्मिक एवं सेवा संगठन है, जो स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर कार्य करता है। केंद्र का मानना है कि मनुष्य निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। इसी उद्देश्य से संगठन युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़कर ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी महेंद्र जी एवं डॉ. शालीन जैन, निदेशक ने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने, समाजसेवा के कार्यों में भागीदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका अदा करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नागफणी नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य श्री महेश रावल एवं नागफणी पशुधन प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य डॉ. जे. एस. अहाड़ा ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद और एकनाथजी रानाडे के आदर्शों का अनुसरण करने तथा साधना के माध्यम से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में शिक्षक प्रवीण भोई, नहुश यादव, संजय मनात, कमलेश भट्ट, सुरेश रोत, निशा मेहरा, मंजू झाला, रवि सिंह और कुशाल पंचाल ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका पंचाल ने किया।
साधना दिवस के आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को एकनाथजी रानाडे के राष्ट्रसेवा, संगठन और समर्पण के विचारों से परिचित कराते हुए समाजसेवा तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
