साबरकांठा के पीएम श्री विद्यालयों का राजस्थान में तीन दिवसीय एक्सपोज़र विज़िट संपन्न
समग्र शिक्षा अभियान के तहत गुजरात के 16 स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने उदयपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय मावली में शैक्षणिक गतिविधियों का अध्ययन किया।

उदयपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय मावली में शैक्षणिक भ्रमण के दौरान साबरकांठा जिले के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते प्राचार्य घनश्याम मीणा और अन्य स्टाफ सदस्य।
समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत राज्य परियोजना कार्यालय (सेल विभाग) तथा साबरकांठा जिला परियोजना समन्वयक एवं जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में, साबरकांठा जिले के पीएम श्री विद्यालयों के आचार्यों एवं शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय शैक्षणिक प्रेरणा यात्रा का आयोजन राजस्थान में किया गया। हिमतनगर स्थित डायट (DIET) प्रशिक्षण केंद्र के समन्वयक एवं एक्सपोज़र विज़िट के संयोजक श्री राजेशभाई प्रजापति तथा सह संयोजक बी.आर.सी. श्री के. बी. चौधरी के नेतृत्व में इस महत्वपूर्ण यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
जवाहर नवोदय विद्यालय मावली का भ्रमण और स्वागत
इस यात्रा के अंतर्गत राजस्थान राज्य के उदयपुर जिले स्थित पीएम श्री विद्यालय जवाहर नवोदय विद्यालय मावली का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस अवसर पर गुजरात राज्य के साबरकांठा जिले के 16 नव चयनित पीएम श्री विद्यालयों के 16 प्राचार्य, 16 शिक्षक तथा 5 कार्यक्रम संयोजकों का प्रतिनिधिमंडल दिनांक 29 मार्च 2026 को विद्यालय पहुँचा। विद्यालय में आगमन पर अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।
शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का अवलोकन
स्वागत के तत्पश्चात प्राचार्य श्री धनश्याम मीणा द्वारा पीएम श्री विद्यालय योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। प्रतिभागियों के बीच आपसी संवाद के माध्यम से शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ। इसके उपरांत सभी प्रतिभागियों ने विद्यालय की विविध शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा उनसे संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कला एवं संगीत के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य
विशेष रूप से कला एवं संगीत से संबंधित गतिविधियों को देखकर प्रतिभागी अत्यंत प्रभावित एवं अभिभूत हुए तथा उन्होंने विद्यालय की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की। भ्रमण दल ने विद्यालय के उत्कृष्ट प्रबंधन और नवाचारों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।
स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त
अंत में भ्रमण दल द्वारा पीएम श्री नवोदय विद्यालय मावली के प्राचार्य श्री धनश्याम मीणा, श्री मोहन जांगिड़ सहित समस्त स्टाफ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य साबरकांठा के शिक्षकों को बाहरी उत्कृष्ट विद्यालयों की कार्यशैली से अवगत कराना था।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
