कारछा एवं पोगरा कला में ग्रामीण सेवा शिविर: मौके पर हुआ जनसमस्याओं का समाधान, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया लाभ
खेरवाड़ा के कारछा एवं पोगरा कला पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में प्रशासन ने जनसमस्याओं के समाधान के साथ स्वास्थ्य, राजस्व और पशुपालन सेवाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया। जानिए शिविर में क्या-क्या हुआ।

कारछा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान ग्रामीण को प्रमाण पत्र सौंपते प्रशासनिक अधिकारी लक्ष्मी जोशी, उपखंड अधिकारी जय सिंह और अन्य कार्मिक।
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कारछा एवं पोगरा कला में गुरुवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। उपखंड अधिकारी जय सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस शिविर में प्रशासनिक सक्रियता और जनसहभागिता का प्रभावी समन्वय देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में ब्लॉक स्तर के 22 विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और मांगों को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया, जिन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
नोडल प्रभारी तहसीलदार रेवत राम एवं विकास अधिकारी मदन लाल लोहार की उपस्थिति में आयोजित शिविर में बीसीएमएचओ डॉ. अरुण मीणा, सहायक विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, ग्रामीण सेवा शिविर समन्वयक लक्ष्मी जोशी, प्रधानाचार्य राकेश डामोर, सरपंच पोगरा कला संगीता देवी, प्रशासक कारछा सुकीरता, सहायक कृषि अधिकारी सूरजमल मनात, ग्राम विकास अधिकारी मनीष मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रातः 9:30 बजे से सायं 5 बजे तक चले इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। उपखंड अधिकारी जय सिंह ने पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। नामांतरण के 10, शुद्धिकरण के 13, बंटवारे के 2, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्रों के 22 प्रकरणों सहित रजिस्ट्री, भूमि आवंटन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड तथा शौचालय गड्ढों की स्वीकृतियों से जुड़े विभिन्न मामलों का निस्तारण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों के लिए व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में बीपी और शुगर जांच, ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, बच्चों का टीकाकरण तथा टीबी जांच सहित कुल 141 स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा आयुर्वेद विभाग द्वारा भी परामर्श सेवाएं दी गईं। वहीं पशुपालन विभाग ने मंगला पशु बीमा योजना से संबंधित 9 कार्यों का निष्पादन कर पशुपालकों को राहत प्रदान की।
शिविर के समापन पर ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम बताया। प्रशासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और जनसेवा को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
