फतहनगर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 15 दिवसीय शिक्षा वर्ग का समापन
प्रतिकूल मौसम के बावजूद चित्तौड़ प्रांत के 98 स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में भाग लिया, मुख्य वक्ता निंबाराम ने राष्ट्र निर्माण पर जोर दिया।

फतहनगर में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 15 दिवसीय शिक्षा वर्ग के समापन समारोह में मुख्य वक्ता निंबाराम संबोधित करते हुए।
फतहनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग का समापन समारोह सोमवार की शाम प्रतिकूल मौसम की चुनौतियों के बीच अत्यंत भव्य, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन समारोह के दौरान हुई मूसलाधार वर्षा भी स्वयंसेवकों एवं समाजजनों के संकल्प को डिगा नहीं सकी। तेज बारिश के बावजूद सभी स्वयंसेवक पूर्ण अनुशासन एवं एकाग्रता के साथ कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे, जबकि बड़ी संख्या में उपस्थित समाजजनों ने भी अंत तक सहभागिता निभाकर राष्ट्रकार्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम में राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, वहीं अध्यक्षता पूज्या आई मां कंकू केसर ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात वर्गार्थियों ने दंड, योग, समता, नियुद्ध तथा व्यायाम योग का प्रभावी प्रदर्शन किया। स्वयंसेवकों की एकरूपता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास ने उपस्थित नागरिकों को अत्यंत प्रभावित किया। अपने मुख्य उद्बोधन में निंबाराम ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए समर्पित व्यक्तित्वों के निर्माण की कार्यशाला है। उन्होंने संघ के गीत "आंधी मिले, तूफान मिले, चाहे जितने व्यवधान मिले" का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वयंसेवकों का जीवन विपरीत परिस्थितियों में भी ध्येय के प्रति अडिग रहने का प्रतीक है, जो आज की वर्षा के बीच स्वयंसेवकों की उपस्थिति से स्पष्ट हुआ। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं पारिवारिक मूल्यों में निहित है।
निंबाराम ने मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा का स्मरण करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन अदम्य साहस का प्रेरक आदर्श है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, जो संपूर्ण राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। इस ऐतिहासिक अवसर पर मेवाड़ में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें सरसंघचालक मोहन भागवत का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उन्होंने सभी से इस आयोजन में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।
वर्गाधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार, 17 मई से 2 जून तक फतहनगर के विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस वर्ग में चित्तौड़ प्रांत के 27 जिलों के 83 स्थानों से आए 98 शिक्षार्थियों ने शारीरिक प्रशिक्षण, बौद्धिक सत्र, योग, गीत, समूह चर्चा, सेवा गतिविधियाँ एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें 17 से 28 वर्ष के महाविद्यालयीन विद्यार्थी सम्मिलित थे। प्रशिक्षण को सफल बनाने में 25 निपुण शिक्षक एवं 29 प्रबंधकों ने दिन-रात सहयोग प्रदान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में पूज्या आई मां कंकू केसर ने राष्ट्र एवं समाज के लिए कार्य करने वाले युवाओं को देश की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्हें सेवा एवं संस्कार के मार्ग पर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का समापन संघ प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें प्रबुद्धजन, शिक्षाविद्, चिकित्सक, उद्योगपति एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
