रोटरी क्लब यूवा उदयपुर ने संस्कृत विद्यालय में हॉल के लिए किया भूमि पूजन
उदयपुर के राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में नवीन हॉल का निर्माण विद्यार्थियों की शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार में मदद करेगा।

रोटरी क्लब यूवा उदयपुर के तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय परिसर में प्रस्तावित हॉल निर्माण के लिए बुधवार प्रात: 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षाविदों, रोटरी पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीडीजी रोटेरियन निर्मल कुणावत रहे, जबकि उपनिरीक्षक, संभागीय संस्कृत शिक्षा अधिकारी कार्यालय उदयपुर संभाग राम मोहन शर्मा तथा विद्यालय प्राचार्य खेमचंद जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब प्रेसिडेंट शेखर टांक द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
इस दौरान ऋषभ जैन ने विद्यालय में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए नवीन हॉल की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित हॉल विद्यालय की गतिविधियों के विस्तार और विद्यार्थियों के शैक्षणिक व सांस्कृतिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
उपनिरीक्षक राम मोहन शर्मा और विद्यालय प्राचार्य खेमचंद जैन ने अपने उद्बोधन में रोटरी क्लब यूवा उदयपुर की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोगात्मक कार्य शिक्षा संस्थानों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि निर्मल कुणावत ने अपने संबोधन में क्लब और विद्यालय परिवार को इस पुण्य कार्य के लिए साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि जब कोई कार्य शुभ भाव से प्रारंभ किया जाता है तो प्रकृति स्वयं उसे पूर्ण कराने में सहयोग करती है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनोपयोगी प्रकल्पों के माध्यम से समाजसेवा के लिए क्लब को प्रेरित किया।
इसके पश्चात निर्मल कुणावत के करकमलों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन संपन्न कराया गया। प्रस्तावित हॉल निर्माण कार्य को विद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है। कार्यक्रम में क्लब सदस्य अंशिता अरोडा, रक्षा भंडारी, सौरभ जैन, शाश्वत पंचोली, दिव्यांशी भट्ट, संगीता शर्मा, वर्तमान सह प्रांतपाल यश कुणावत सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
