70वीं जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन, विजेताओं को मिला सम्मान
ऋषभदेव में 70वीं जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ। विभिन्न वर्गों के विजेताओं को मैडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

तस्वीर में ऋषभदेव में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी नजर आ रहे हैं।
पीएमश्री श्री केशरियाजी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ऋषभदेव में आयोजित 70वीं विद्यालयी जिला स्तरीय 17-19 वर्षीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तीरंदाजी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को मैडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजक विद्यालय के प्राचार्य प्रकाशचंद्र भानावत ने बताया कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रशासक मनीष मीणा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रूपलाल मीणा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पीसीसी सदस्य जयप्रकाश वानावत, पूर्व शिक्षा उपनिदेशक भूपेंद्र वालावत, प्रदीप कुमार जैन, देवी लाल भोई, अशोक लूनदिया, महावीर नागदा, नरेन्द्र कुमार जैन, कन्हैयालाल मीणा, भामाशाह कन्हैयालाल पंचाल एवं रेखा जैन मौजूद रहे।
शिक्षा विभाग की ओर से मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सतीश गांधी, एसीबीईओ प्रथम आनंद मेहता, एसीबीईओ द्वितीय मनोहर मीणा, कमलेश भनात एवं प्रदीप शर्मा उपस्थित रहे। वाकपीठ माध्यमिक अध्यक्ष मोहनलाल मीणा, सचिव रेणुका थ्योप्लस, वाकपीठ प्रारंभिक अध्यक्ष देवी लाल तेली, सचिव विजेंद्र हीरात एवं संरक्षक पन्नालाल तेली सहित आयोजन से जुड़े कई पदाधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में 17 वर्षीय इंडियन राउंड छात्र वर्ग में नितेश जांगिड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वे निरजा मोदी उमावि, उदयपुर से हैं। छात्रा वर्ग में दर्शी डामोर प्रथम रहीं। 19 वर्षीय छात्र इंडियन राउंड 30 मीटर में शाला क्रीड़ा संगम, उदयपुर के समीर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि छात्रा वर्ग में प्रतीक्षा अहारी प्रथम रहीं। रिकर्व छात्रा वर्ग में महात्मा गांधी राउमावि, ऋषभदेव की वर्षिका चौधरी तथा कम्पाउंड छात्रा वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर की लहर कच्छावा प्रथम रहीं।
टीम चैंपियनशिप में भी विभिन्न वर्गों में विद्यालयों ने पहला स्थान हासिल किया। 17 वर्षीय छात्र इंडियन राउंड में एमएसजी हाईटेक गुरुकुल स्कूल, कोटड़ा, 19 वर्षीय छात्र इंडियन राउंड में शाला क्रीड़ा संगम, उदयपुर, 19 वर्षीय छात्रा इंडियन राउंड में राउमावि सागवाड़ापाल तथा 17 वर्षीय छात्रा इंडियन राउंड में राउमावि जसवंतगढ़ प्रथम रहे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में छात्र वर्ग के संयोजक नारायण लाल बरंडा, छात्रा वर्ग की संयोजक अनीता तावड़, खेल कार्यालय प्रभारी भोपाल सिंह राजपूत एवं सतीश मेहता, प्रधान निर्णायक रतनलाल कलाल सहित आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मुख्य पर्यवेक्षक सुरेश कुमार मीणा ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं एवं संचालन की देखरेख की।
समापन समारोह का संचालन त्रिभुवन रावल एवं दीप्ती पंचोली ने किया। इस अवसर पर प्रधान निर्णायक ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों एवं आयोजन से जुड़े कार्मिकों का आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी सचिन जैन ने दी। चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता के समापन के साथ खिलाड़ियों के प्रदर्शन और विजेताओं के सम्मान के जरिए आयोजन का औपचारिक समापन हुआ।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
