ऋषभदेव: भारत विकास परिषद की प्रांतीय समूह गान प्रतियोगिता आयोजित
19 टीमों की सहभागिता के बीच आयोजित स्पर्धा में महावीर मॉडर्न पब्लिक स्कूल ऋषभदेव ने पहला स्थान हासिल किया।

तस्वीर में ऋषभदेव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिथि विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान करते दिख रहे हैं।
ऋषभदेव में भारत विकास परिषद, राजस्थान दक्षिण प्रांत की ओर से 4 अक्टूबर 2026 रविवार को एल.एन.जे. मिल परिसर स्थित विवेकानंद केंद्र विद्यालय में ‘प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान, संस्कृत समूह गान एवं लोकगीत प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रांत की 19 शाखाओं की टीमों ने भाग लिया। करीब पांच घंटे तक राष्ट्रभक्ति और देवभाषा संस्कृत के गीतों की प्रस्तुतियों से प्रतियोगिता स्थल गूंजता रहा और टीमों के बीच मुकाबला काफी नजदीकी रहा।
कार्यक्रम सुनील जे. सिंघी, चेयरमैन नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड, भारत सरकार के परम मुख्य आतिथ्य, समाजसेवी एवं भामाशाह गजेंद्र सुरावत के मुख्य आतिथ्य, जयराज आचार्य, सह संयोजक राष्ट्रीय गतिविधि सेवा, आर.के. पांडे, सीईओ एलएनजे ग्रुप, संजीव भारद्वाज, क्षेत्रीय संयोजक संपर्क, प्राण भाणावत, भारत विकास परिषद ऋषभदेव शाखा अध्यक्ष के विशिष्ट आतिथ्य तथा मयंक दोसी, प्रांतीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुआ। प्रांतीय महासचिव सुधीर वोरा ने बताया कि कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
शाखा अध्यक्ष प्राण भाणावत ने शाब्दिक स्वागत किया। प्रांतीय संस्कार संयोजक संजय गुप्ता ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी देने के साथ निर्णायकों का परिचय कराया। प्रांतीय अध्यक्ष मयंक दोसी ने कहा कि राष्ट्र प्रेम, देवभाषा संस्कृत और लोकगीतों का अपना अलग आनंद है। भारत विकास परिषद की यह प्रतियोगिता पूरे देश में अनूठा स्थान रखती है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रांत की 19 शाखाओं की टीमें भाग ले रही हैं।
विशिष्ट अतिथि जयराज आचार्य ने कहा कि भारत विकास परिषद वर्ष 1966 से इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। शाखा स्तर से प्रांत, प्रांत से रीजन और रीजन से राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभाओं को अवसर मिलता है।
मुख्य अतिथि सुनील जे. सिंघी ने कहा कि विवेकानंद केंद्र और भारत विकास परिषद के आयोजन तथा सेवा कार्यों से आमजन को जोड़ा गया है। यशस्वी प्रधानमंत्री जी भी इससे जुड़े हैं और वे स्वयं भी इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति के गीतों और संस्कृत के गीतों की इस स्पर्धा में राजस्थान दक्षिण प्रांत की 20 टीम स्पर्धा करेगी। कोई विजेता बनेगा और कोई रह जाएगा, लेकिन प्रेरणा से प्रेरित होकर ऐसे प्रकल्प की प्रेरणा लें कि हम सब जीतेंगे। उन्होंने सभी से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की बात कही और भारत विकास परिषद का आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद आर.के. पांडे, सीईओ एलएनजे ग्रुप ने भारत के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं हमारी नई पीढ़ी को प्रेरणा देती हैं।
इस अवसर पर शाखा के तपस्वी दिनेश जी वाणावत का 16 उपवास करने पर प्रांत की ओर से बहुमान किया गया।
इसके बाद लगभग पांच घंटे तक राष्ट्रभक्ति और देवभाषा संस्कृत में गीतों की सरिता बही। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। टीमों के मध्य मुकाबला काफी नजदीकी रहा।
समापन सत्र और पारितोषिक वितरण क्षेत्रीय संयोजक सेवा गिरीश सोमपुरा, प्रांतीय संरक्षक बादशाह सिंह, प्रांतीय अध्यक्ष मयंक दोसी, प्रांतीय उपाध्यक्ष देवेंद्र पंड्या, शाखा संरक्षक महावीर कोठारी, रवि पंचाल सचिव और आनंद मेहता कार्यक्रम संयोजक के आतिथ्य में संपन्न हुआ। प्रांतीय वित्त सचिव डॉ. एस.एन. चेचानी ने समापन सत्र, प्रशांत जैन ने उद्घाटन सत्र और जगदीश व्यास ने प्रतियोगिता सत्र का संचालन किया। आभार संगठन सचिव नवीन वर्डिया ने व्यक्त किया।
प्रांतीय महासचिव सुधीर वोरा ने प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया। परिणाम के अनुसार महावीर मॉडर्न पब्लिक स्कूल ऋषभदेव शाखा प्रथम, सेंट्रल पब्लिक स्कूल भूपालपुरा सुभाष शाखा द्वितीय और सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रतापगढ़ तृतीय स्थान पर रही। रिलाएबल एकेडमी कपासन शाखा सांत्वना पुरस्कार की हकदार बनी। प्रांत की ओर से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के साथ सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पारितोषिक प्रदान किए गए।
शाखा सचिव रवि पंचाल ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए दिए गए सहयोग के लिए संस्था प्रधान पद्मनि नायडू एवं प्रांत और शाखा के सभी दायित्वधारी तथा कर्मठ साथियों का आभार व्यक्त किया, जो प्रतियोगिता में टीम लेकर आए। उन्होंने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
