स्थानीय रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने फैक्ट्री में घुसकर चौकीदार को बंधक बनाया, उसके साथ मारपीट की और ट्रांसफार्मर से तांबा निकालने के साथ गोदाम में रखा तेल तथा अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना अमर ऑयल इंडस्ट्रीज फैक्ट्री की है। फैक्ट्री प्रबंधन के मुताबिक रात करीब 12:50 बजे छह हथियारबंद बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़ने में नाकाम रहने पर नकूचा काटकर फैक्ट्री परिसर में दाखिल हुए। भीतर प्रवेश करते ही बदमाशों ने वहां तैनात चौकीदार को हथियारों के बल पर डराया-धमकाया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए, मोबाइल छीनकर उसकी बैटरी निकाल दी और उसे कंबल ओढ़ाकर एक कोने में बैठा दिया ताकि वह शोर नहीं मचा सके।

वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश अपने साथ कटर सहित अन्य उपकरण लेकर आए थे। उन्होंने तेल गोदाम का नकूचा काटा और वहां रखे गद्दे बिछाकर ट्रांसफार्मर को उस पर गिरा दिया। इसके बाद ट्रांसफार्मर को काटकर उसमें से सारा तांबा निकाल लिया। बदमाश गोदाम में रखे करीब चार से पांच तेल के डिब्बे तथा ट्रांसफार्मर का तेल भी चोरी कर ले गए।

सबूत मिटाने की नीयत से बदमाशों ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कैमरों को तोड़ दिया तथा उनका डीवीआर और फैक्ट्री में लगा वाई-फाई मॉडेम भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। जानकारी के अनुसार बदमाश रात करीब 4:00 से 4:15 बजे तक फैक्ट्री परिसर में रहे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री में कई घंटे तक चली इस सुनियोजित डकैती ने रीको औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story