ब्लास्टिंग से दहशत: ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
भील बस्ती के ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी को ज्ञापन देकर फेलस्पार खदानों में असुरक्षित खनन गतिविधियों को रोकने की मांग की।

उपखंड क्षेत्र की राख्यावल ग्राम पंचायत में संचालित खनन गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष गंभीर चिंता जताई है। भील बस्ती वाड़ा खाम की मादड़ी के ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी को ज्ञापन सौंपकर फेलस्पार खदानों में हो रहे कथित असुरक्षित खनन और ब्लास्टिंग पर रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र की फेलस्पार खदानों में लगातार की जा रही ब्लास्टिंग के कारण बड़े पत्थर आबादी क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, 10 जून की शाम करीब छह बजे ब्लास्टिंग के दौरान उछले दो पत्थर रिहायशी क्षेत्र में आ गिरे। इनमें से एक पत्थर डालू भील के घर के सामने गिरा, जबकि दूसरा पत्थर प्रकाश भील के आंगन में आकर गिरा। उस समय आंगन में एक नन्ही बालिका खेल रही थी, जो बाल-बाल बच गई।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग से जनहानि का खतरा बढ़ गया है और स्थानीय लोग भय के साये में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा खनन गतिविधियों को सुरक्षित मानकों के अनुरूप संचालित कराने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त होने के बाद उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी ने ग्रामीणों को समस्या के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान पुरण सिंह राव, रमेश भील, प्रकाश भील, दीपलाल जति, डालू भील, रामलाल भील सहित भील बस्ती के कई ग्रामीण मौजूद रहे।
क्षेत्र में खनन गतिविधियों से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर उठी यह चिंता प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण विषय बन गई है। अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और समस्या के समाधान पर टिकी हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
