राजसमंद जिले के केलवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खेराण में पुरानी रंजिश के चलते 55 वर्षीय वनासिंह पुत्र खेमसिंह राजपूत की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। केलवाड़ा पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी नाबालिग को दस्तयाब कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

घटनाक्रम के अनुसार, 18 मई को ग्राम खेराण निवासी वनासिंह जब केलवाड़ा से अपने गांव लौट रहे थे, तभी पूर्व नियोजित साजिश के तहत उन पर हमला किया गया। आरोप है कि मुख्य आरोपी नाबालिग ने अपने माता-पिता के साथ हुए पुराने विवाद का बदला लेने के लिए हत्या की योजना बनाई थी। अन्य साथियों के साथ मिलकर की गई इस बर्बर मारपीट में वनासिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के लिए हेमन्त कलाल एवं महेन्द्र पारीक के निर्देशन और श्यामसिंह रत्नु के सुपरविजन में एक विशेष दल का गठन किया गया। थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के नेतृत्व में गठित इस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं आसूचना तंत्र का कुशलतापूर्वक उपयोग करते हुए मुख्य आरोपी नाबालिग तक पहुंच सुनिश्चित की। फिलहाल पुलिस द्वारा नाबालिग से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की भूमिका को स्पष्ट किया जा सके। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story