राजसमंद। श्री हनुमान भक्त मंडल के बैनर तले सामाजिक समरसता कार्यों के अंतर्गत राजसमंद ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों के टॉपर विद्यार्थियों का प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, राजनगर में संपन्न हुआ।

सामाजिक समरसता गतिविधि के तहत आयोजित इस सम्मान समारोह में राजसमंद ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं के सभी संकायों के विद्यालय टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रथम राजेश गोराना ने की। मुख्य अतिथि के रूप में दैनिक नवज्योति के ब्यूरो प्रमुख सुरेश चंद्र भाट उपस्थित रहे।

समारोह में हनुमान भक्त मंडल राजसमंद के संयोजक राकेश मेनारिया, मुख्य वक्ता डॉक्टर सुनील कुमार खटीक एवं माननीय संघ चालक मीठा लाल शर्मा ने मंच को सुशोभित किया। गायत्री मंत्र एवं दीप प्रज्वलन के साथ प्रतिभा सम्मान समारोह का शुभारंभ हुआ।

अध्यक्षीय उद्बोधन के बाद मुख्य वक्ता डॉ. सुनील कुमार खटीक ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में दूर-दराज क्षेत्रों और अभावों में जीवन जीने वाले बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं, जिनके लिए हिंदी बोलना भी कई बार कठिन होता है। ऐसे बच्चों को जब सम्मान और प्रेरणा मिलती है तो उनका जीवन उत्कृष्ट दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने अपने स्वयं के जीवन से प्रेरणा देते हुए धर्म के महत्व की भी विवेचना की।

संत रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष के अवसर पर आयोजित इस प्रतिभावान सम्मान समारोह में डॉ. सुनील कुमार खटीक ने संत रविदास जी के कई प्रसंग सुनाकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने शिष्य और गुरु के संबंधों पर चर्चा करते हुए बताया कि गुरु शिष्य की रुचि एवं विधा को देखकर उसका मार्गदर्शन करता है और ऐसा निर्माण करता है जिसे हम अपनी आंखों से नहीं देख पाते। उन्होंने जमवंत जी द्वारा हनुमान जी को प्रेरित किए जाने का उदाहरण भी दिया।

उन्होंने स्वरोजगार, स्टार्टअप, ब्लिंकिट, यूपीआई, कला-साहित्य में मैथिली और खेल क्षेत्र में वैभव सूर्यवंशी जैसे उदाहरणों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को भावी जीवन में उन्नति के लिए प्रेरित किया। साथ ही अलग-अलग मत, पंथ एवं आस्था की स्वतंत्रता तथा सहाचार्य के साथ जीवन जीने पर बल दिया।

समारोह में कक्षा 12वीं के विभिन्न संकायों के 68 विद्यार्थियों एवं कक्षा 10वीं के 52 विद्यार्थियों को प्रतीक चिह्न, प्रमाण पत्र और साहित्य भेंट कर बहुमान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को उपरना एवं प्रतीक चिह्न भेंट किए गए।

श्री हनुमान भक्त मंडल के संयोजक राकेश मेनारिया द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के बाद कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं को उत्साहपूर्ण वातावरण में विदा किया गया।

इस कार्यक्रम में दैनिक नवज्योति द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। साहित्य वितरण में राकेश जी मेनारिया का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का संचालन गुंजन खंडेलवाल ने किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story