गुजरात के राजकोट शहर में तन्वी गोल्ड ज्वैलर्स में स्वर्ण व्यवसायी के कारीगर की गोली मारकर हत्या करने और करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य का सोना-चांदी लूटने के मामले में उदयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर शूटरों को महज आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य का सोना-चांदी और वारदात में इस्तेमाल की गई किआ कार बरामद की गई है। उदयपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए आरोपियों को पकड़कर लूटे गए माल की बरामदगी की।

घटना 15 अक्टूबर 2026 की तड़के करीब 3:00 बजे गुजरात के राजकोट शहर में थोराला पुलिस स्टेशन क्षेत्र स्थित तन्वी गोल्ड ज्वैलर्स में हुई। टाटा टिगोर कार में पहुंचे तीन हथियारबंद बदमाशों ने ज्वैलरी शोरूम पर अंधाधुंध फायरिंग की। गोलीबारी में दुकान के कारीगर लालजी लवजी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बदमाश वहां से एक किलो सोना और करीब तीन किलोग्राम चांदी का पाउडर लूटकर फरार हो गए।

वारदात के बाद उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सुखेर और बड़गांव थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही बड़गांव थाने के सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल और कांस्टेबल योगेन्द्र ने सिरोही रोड की तरफ आने वाले वाहनों की सख्त जांच शुरू कर दी। इसी दौरान गोगुंदा से अंबेरी हाईवे की तरफ आ रही एक संदिग्ध किआ कार दिखाई दी।

पुलिस ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भगाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए अंबेरी पुलिया के पास कार को रुकवा लिया। मौके पर सुखेर थानाधिकारी भरत योगी, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर लाल और कांस्टेबल कमलेश भी पहुंच गए। इसके बाद कार सवार दोनों युवकों की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान एक आरोपी के जूते के सोल के अंदर छिपाकर रखी गई करीब नौ सौ ग्राम सोने की सिल्ली और टुकड़े बरामद हुए। वहीं, कार की डिग्गी में रखे बैग से करीब तीन किलोग्राम चांदी का पाउडर मिला। पुलिस ने बरामद सोने-चांदी और वाहन के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे राजकोट में ज्वैलर्स के कर्मचारी की हत्या कर माल लूटने के बाद वाराणसी की तरफ भाग रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत कुमार पांडे (24), पुत्र रामशपथ पांडे, निवासी गांव डेडवलिया, तहसील सकलडीहा, थाना धानापुर, जिला चन्दौली, उत्तर प्रदेश और शिवम पांडे (26), पुत्र अशोक पांडे, निवासी गांव डेडवलिया, तहसील सकलडीहा, थाना धानापुर, जिला चन्दौली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

उदयपुर पुलिस ने आगे की जांच और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए बरामद माल-मशरूका, सोना-चांदी और वारदात में प्रयुक्त वाहन को नियमानुसार राजकोट शहर क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक एस. एम. राना को सुपुर्द कर दिया। इस पूरी कार्रवाई को थानाधिकारी भरत योगी, सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल, कांस्टेबल योगेन्द्र, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर लाल और कांस्टेबल कमलेश की टीम ने अंजाम दिया।

राजकोट में हत्या और डकैती की वारदात के बाद उदयपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो आरोपियों को आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लूटा गया सोना-चांदी बरामद किया गया। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई राजकोट शहर क्राइम ब्रांच द्वारा की जाएगी।

Vishnu Lohar, Jhadol

Vishnu Lohar, Jhadol

नाम: विष्णु लोहार

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल, झाड़ोल)

कार्यक्षेत्र: झाड़ोल, उदयपुर (राजस्थान) - मुख्य रूप से झाड़ोल और गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र एवं आसपास का ग्रामीण अंचल

अनुभव: करीब 10 वर्ष

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय एवं ग्रामीण समाचार: झाड़ोल व गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र, ग्रामीण पंचायतों, सामाजिक गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की नियमित कवरेज।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत, विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां, जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम एवं राजनीतिक घटनाक्रम।
  • क्राइम: पुलिस कार्रवाई, अपराध संबंधी घटनाएं, कानून-व्यवस्था एवं न्यायिक मामलों की रिपोर्टिंग।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई, विकास कार्य, शिविरों एवं प्रशासनिक निर्णयों की कवरेज।
  • शिक्षा: विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षा योजनाओं, विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं शिक्षा संबंधी समस्याओं पर रिपोर्टिंग।
  • स्वास्थ्य: स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं, जनस्वास्थ्य एवं जागरूकता विषयक समाचार।
  • बिज़नेस एवं व्यापार: स्थानीय व्यापार, बाजार गतिविधियां, छोटे व्यवसाय, उद्यमिता एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े विषय।
  • सामाजिक एवं जनहित मुद्दे: ग्रामीण समस्याएं, नागरिक सुविधाएं, सामाजिक सरोकार, सरकारी योजनाएं, ग्रामीण विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों की विशेष कवरेज।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • वाणिज्य स्नातक (B.Com)
  • वाणिज्य स्नातकोत्तर (M.Com)
  • B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
  • BSTC (बेसिक स्कूल टीचिंग सर्टिफिकेट)

Next Story