खेरवाड़ा। सेंटर फॉर माइक्रोफाइनेंस (सीएमएफ) संस्था द्वारा राजीविका के सहयोग से ग्राम पंचायत चित्तौड़ा में 27 एवं 28 जुलाई को लैंगिक समानता एवं मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में राजीविका महिला स्वयं सहायता समूह की 75 महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यशाला के दौरान महिलाओं को लैंगिक समानता, महिला अधिकार, स्वास्थ्य, पोषण तथा मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य प्रशिक्षक मोनिका शर्मा एवं भारती ने महिलाओं की सामाजिक भागीदारी, समान अवसर, बाल विवाह, शिक्षा के महत्व तथा महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रशिक्षण के दौरान समूह चर्चा, भूमिका अभिनय एवं चित्र आधारित गतिविधियों के माध्यम से विषयों को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया गया।

कार्यशाला के दूसरे दिन मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान बताया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को वैज्ञानिक जानकारी के माध्यम से दूर करना आवश्यक है। महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित साधनों के उपयोग, संक्रमण से बचाव, संतुलित पोषण तथा स्वच्छ शौचालय के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

सीएमएफ के सुखलाल परमार एवं सचिन पटेल ने प्रशिक्षण का समन्वय करते हुए महिलाओं से अपने स्वयं सहायता समूहों तथा गांवों में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए महिला स्वास्थ्य, सम्मान और समान अधिकार के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story