गोगला में वरिष्ठ अध्यापक राजेंद्र कुमावत का भव्य विदाई समारोह आयोजित
14 वर्षों की सेवा और पदोन्नति के बाद स्थानांतरण पर ग्रामीणों और पूर्व विद्यार्थियों ने भव्य बिंदोली और रथ यात्रा निकालकर शिक्षक को दी विदाई।

उदयपुर के गोगला में वरिष्ठ अध्यापक राजेंद्र कुमावत के स्थानांतरण पर आयोजित विदाई समारोह के दौरान स्मृति चिह्न भेंट करते मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी मोरध्वज व्यास, अन्य अतिथि और ग्रामीण।
गोगला-झाड़ोल (उदयपुर)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोगला में गणित विषय के वरिष्ठ अध्यापक एवं सीकर निवासी राजेन्द्र कुमावत के 14 वर्षों की गौरवमयी सेवाओं तथा पदोन्नति के बाद हुए स्थानांतरण पर शुक्रवार को भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय प्रशासन और ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह हर्षोल्लास, सम्मान और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी मोरध्वज व्यास ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मनीष जोशी और पूनमचंद प्रजापत मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में दयाराम मेघवाल, मांगीलाल मेघवाल, नरेंद्र जोशी, सुरेश व्यास, दीपिका शर्मा और भवानी सिंह ने समारोह में भाग लिया।
समारोह में गांव गोगला के गणमान्य नागरिक पंकज पंड्या, नारायण लोलावत, भेरूलाल जन्नावत, नारायण जन्नावत, रमेश जोशी, पंकज लोलावत, मोहन जी, गोपाल जी, अनिल पंड्या और रामचन्द्र देखावत सहित अन्य ग्रामीणों ने राजेन्द्र कुमावत का स्वागत-सत्कार कर उनके शिक्षा क्षेत्र में योगदान को सराहा।
विदाई समारोह के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने भी अपने प्रिय शिक्षक के प्रति विशेष सम्मान व्यक्त किया। कैलाश दवेर, नरेंद्र जोशी, रामेश्वर दवेर, धीरज जोशी, लोकेश, तरुण अमरावत, राधेश्याम, धन्यश्याम लोलावत, योगेश, पंकज उदावत और मुकेश पंड्या सहित कई पूर्व विद्यार्थियों ने ढोल-नगाड़ों और घोड़े के साथ गांव में भव्य बिंदोली निकाली।
ग्रामीणों ने राजेन्द्र कुमावत के शिक्षा और संस्कारों से जुड़े योगदान के लिए उनका आभार जताया। उत्साह और उमंग के बीच तहसील मुख्यालय तक रथ यात्रा और बाइक रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से शिक्षा का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय विद्यालय के प्राचार्य पारस मेहता तथा अध्यापक शेर सिंह राणावत, भरत दवे सहित समस्त स्टाफ ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन पुष्कर तेली और सुरेश पालीवाल ने किया। समारोह ने शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच वर्षों से बने आत्मीय संबंधों तथा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सम्मान की भावना को नई पहचान दी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
