राजस्थान विद्यापीठ: अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कर्मचारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
डबोक स्थित जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के कर्मचारियों ने एम.पी.एड. में अवैध प्रवेश और वित्तीय गड़बड़ियों की एसओजी-एसीबी से जांच कराने की मांग की।

डबोक स्थित राजस्थान विद्यापीठ में कथित वित्तीय अनियमितताओं और अवैध प्रवेश की जांच को लेकर वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी को उनके निवास पर ज्ञापन सौंपते हुए पीड़ित कर्मचारी और संघ के प्रतिनिधि।
जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ, डबोक में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी के निवास पर पहुंचकर उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए संस्थान में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं, अवैध प्रवेश और प्रशासनिक मनमानी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
विद्यापीठ के कर्मचारी डॉ. दिलीप सिंह चौहान ने संस्थान में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं, अवैध प्रवेश, नियुक्तियों में गड़बड़ी तथा प्रशासनिक तानाशाही के आरोप लगाते हुए राज्य सरकार से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। मुख्यमंत्री एवं संबंधित अधिकारियों को भेजे गए प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि विद्यापीठ में एम.पी.एड. पाठ्यक्रम में निर्धारित सीटों से अधिक प्रवेश दिए गए हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में एनसीटीई द्वारा भी नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
डॉ. चौहान ने आरोप लगाया कि संस्थान में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का विरोध करने पर उनके विरुद्ध द्वेषपूर्ण कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी डॉ. सोनल चौहान, जो इतिहास विभाग में कार्यरत थीं, उन्हें बिना उचित प्रक्रिया अपनाए कार्यमुक्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
डॉ. चौहान ने पूरे प्रकरण को संगठित वित्तीय और शैक्षणिक घोटाला बताते हुए राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) तथा एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अतिरिक्त प्रवेश प्राप्त छात्रों की सूची तथा एनसीटीई के आदेशों को भी ज्ञापन के साथ संलग्न किया है।
इस मामले को लेकर विद्यापीठ कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं संस्थान में कथित अनियमितताओं के संबंध में विधायक उदयलाल डांगी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने संस्थान में कर्मचारियों के साथ हो रहे व्यवहार, प्रशासनिक निर्णयों तथा विभिन्न लंबित मामलों पर विधायक का ध्यान आकर्षित करते हुए उचित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
विधायक उदय लाल डांगी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को संबंधित स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में कर्मचारी संघ के रामलाल हरिजन, जालम सिंह, सुरेश डांगी, वाला राम डांगी, राम डांगी, बालूराम डांगी, राजेंद्र वैष्णव, प्रकाश धाकड़, रोड़ीलाल डांगी, किशन सिंह, पुष्कर हरिजन, लोकेश हरिजन, कैलाश सालवी, सूरज कुमार, बृज बिहारी पांडे, मथुरा लाल डांगी एवं अशोक हरिजन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
राजस्थान विद्यापीठ में कथित फर्जी तरीके से प्रवेश संबंधी सीटें बढ़ाने, वित्तीय अनियमितताओं, नियुक्तियों में गड़बड़ी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर उठे आरोपों ने मामले को गंभीर बना दिया है। कर्मचारियों द्वारा एसओजी और एसीबी जांच की मांग के बाद अब इस पूरे प्रकरण पर संबंधित एजेंसियों और राज्य सरकार की आगामी कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
