30 गांवों में चिकित्सा शिविर लगाएगा 100 सदस्यीय दल, वनांचल तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा
उदयपुर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूम्बर के 30 वनांचल गांवों में 19-20 सितंबर को चिकित्सा शिविर लगेंगे। करीब 100 डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की टीमें ग्रामीणों की जांच, परामर्श और उपचार करेंगी।

तस्वीर में उदयपुर के एक शिविर में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ग्रामीणों की जांच करते और दवाइयां वितरित करते हुए नजर आ रहे हैं।
उदयपुर, 19 सितंबर 2026। राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद की ओर से जयपुर प्रांत के कार्यकर्ताओं के सहयोग से 19 एवं 20 सितंबर को दो दिवसीय विशेष चिकित्सा सेवा अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत उदयपुर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ एवं सलूम्बर जिलों के सुदूर वनांचल क्षेत्रों के 30 गांवों में चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए करीब 100 डॉक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ का चिकित्सा दल शनिवार सुबह उदयपुर पहुंचा।
राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के उदयपुर कार्यालय में चिकित्सा दल के स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री जगदीश कुलमी, जयपुर से हरेश्वर छिपा, सत्यनारायण छिपा, डॉ. पी.सी. रांका, प्रांत नगरीय कार्य प्रमुख सुरेश गर्ग तथा प्रांत चिकित्सा प्रमुख डॉ. राजेश मलिक मंचस्थ अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद मंचस्थ अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया गया।
प्रांत चिकित्सा प्रमुख डॉ. राजेश मलिक ने परिषद की ओर से संचालित चिकित्सा प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वनवासी एवं जनजाति क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए परिषद निरंतर कार्य कर रही है। दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित चिकित्सा सेवाओं के साथ चिकित्सा शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
प्रदेश संगठन मंत्री जगदीश कुलमी ने कहा, “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने कहा कि इसी सेवा भाव के साथ कल्याण आश्रम विगत 73 वर्षों से वनवासी क्षेत्रों में जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से निरंतर सेवा कार्य कर रहा है। स्वास्थ्य सेवा अभियान के माध्यम से उन लोगों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जहां सामान्य परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच कठिन होती है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी चिकित्सा टोलियों को हरी झंडी दिखाकर सुदूर वनांचल के लिए रवाना किया। चिकित्सा दल अलग-अलग टोलियों में निर्धारित गांवों तक पहुंचेगा। प्रत्येक टोली पहले दिन जिस गांव में चिकित्सा शिविर लगाएगी, वहीं रात्रि विश्राम करेगी। अगले दिन दूसरे गांव में पहुंचकर चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविरों में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे रोगियों को, जिन्हें उच्च स्तरीय अथवा विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता होगी, आगे के उपचार के लिए उदयपुर लाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
दो दिवसीय इस अभियान के माध्यम से राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद की ओर से वनांचल के दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने के साथ सेवा, संवेदना और आत्मीयता के भाव को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उदयपुर से डॉ. भुवनेश, डॉ. नरेंद्र सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
