जयपुर/उदयपुर, 17 नवंबर। राजस्थान की वनस्पति विविधता में एक दुर्लभ प्रजाति के रूप में नया नाम जुड़ा है। प्रदेश में पहली बार पीलू की तीसरी प्रजाति सेल्वेडोरा अलाई (Salvadora alii) की मौजूदगी दर्ज की गई है। इसके पके हुए सफेद रंग के रसीले फल इसे राजस्थान में पहले से पाई जाने वाली पीलू की अन्य दोनों प्रजातियों से अलग पहचान देते हैं। वन वैज्ञानिकों ने 16 वर्षों के सर्वेक्षण और शोध के बाद जोधपुर, जालोर, भीलवाड़ा और भरतपुर जिलों में इस दुर्लभ प्रजाति की उपस्थिति का पता लगाया है।

डॉ. कमलेश शर्मा के अनुसार, राजस्थान में अब तक पीलू की दो प्रजातियां ही ज्ञात थीं। इनमें मीठा जाल और खारी जाल शामिल हैं। नई प्रजाति सेल्वेडोरा अलाई की खोज प्रदेश की वनस्पति संपदा के वैज्ञानिक अध्ययन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। राजस्थान के प्रसिद्ध वन वैज्ञानिक डॉ. सतीश कुमार शर्मा, डॉ. अनिल सरसावन एवं दिलीप सिंह सोलंकी ने शोध और सर्वेक्षण के दौरान इन चार जिलों में इसकी मौजूदगी दर्ज की।

पीलू सदाबहार और बहुउपयोगी वृक्ष है, जो अपने स्वादिष्ट एवं रसीले फलों के लिए जाना जाता है। अब तक राजस्थान में दर्ज इसकी दो प्रजातियों में लंबी और संकरी पत्तियों वाली सेल्वेडोरा ओलियोइडीज (Salvadora oleoides) को मीठा जाल कहा जाता है, जबकि अपेक्षाकृत चौड़ी और छोटी पत्तियों वाली सेल्वेडोरा पर्सिका (Salvadora persica) खारी जाल के नाम से पहचानी जाती है।


नई प्रजाति सेल्वेडोरा अलाई की पत्तियां काफी हद तक खारी जाल जैसी दिखाई देती हैं, लेकिन इसके पके हुए फलों का सफेद रंग इसकी विशिष्ट पहचान है। इसके विपरीत राजस्थान में पहले से ज्ञात मीठा जाल और खारी जाल के फल गुलाबी-लाल रंग के होते हैं।

इस प्रजाति की खोज का सिलसिला वर्ष 2010 से जुड़ा है। डॉ. सतीश शर्मा ने बताया कि विश्व में सेल्वेडोरा अलाई की पहली उपस्थिति वर्ष 2010 में पाकिस्तान के सिंध प्रांत में दर्ज की गई थी। राजस्थान और सिंध की जलवायु तथा प्राकृतिक परिस्थितियों में समानताएं होने के कारण वन वैज्ञानिकों ने राजस्थान में भी इस प्रजाति के संभावित अस्तित्व को लेकर अध्ययन और सर्वेक्षण शुरू किया। लगभग 16 वर्षों तक चले अनुसंधान और खोजबीन के बाद आखिरकार राजस्थान में इसकी उपस्थिति प्रमाणित रूप से दर्ज की गई।

राजस्थान में इस दुर्लभ प्रजाति की पहली उपस्थिति से संबंधित शोध 'जर्नल ऑफ न्यू बायोलॉजिकल रिपोर्ट्स' के अंक 15 (1) में प्रकाशित हुआ है। देश में राजस्थान से पहले गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में भी सेल्वेडोरा अलाई की मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है।

इस खोज के साथ राजस्थान की वनस्पति संपदा में पीलू की तीसरी प्रजाति का समावेश हुआ है। जोधपुर, जालोर, भीलवाड़ा और भरतपुर में इसकी उपस्थिति का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण प्रदेश की जैव विविधता के अध्ययन के साथ इसके संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story